चित्तौड़गढ़ शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में बीते रविवार रात हुए सनसनीखेज गोलीकांड और हत्या की घटना के बाद पुलिस की जांच में अब तेजी आई है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को जैसलमेर से हिरासत में लिया है। वारदात के तुरंत बाद फरार इन तीनों आरोपियों को चित्तौड़गढ़ लाकर घटनास्थल की मौका तस्दीक भी करवाई गई। आश्चर्यजनक रूप से इस दौरान तीनों आरोपी लंगड़ाते हुए चलते नजर आए, क्योंकि भागने की कोशिश में ये घायल हो गए थे।
वारदात से जुड़ी अहम गिरफ्तारी, होटल पर हुआ था हमला
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात सेमलपुरा चौराहे से ओछड़ी के बीच काछीखेड़ा स्थित होटल विकास पर कुछ युवक खाना खा रहे थे, तभी तीन-चार वाहनों में सवार होकर आए एक गुट ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में अजयराज सिंह झाला की गोली लगने से मौत हो गई थी। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। पुलिस ने इस मामले में 18 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
यह भी पढ़ें- Jaipur News: कैब ड्राइवरों की हड़ताल चौथे दिन भी जारी, अब चक्का जाम का एलान; कई जगह कैब-ऑटो चालकों में विवाद
जैसलमेर से गिरफ्तारी, भागने की कोशिश में हुए घायल
पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देश पर गठित विशेष टीमों ने आरोपियों की तलाश तेज की। सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि तीन आरोपी जैसलमेर में छिपे हुए हैं। जैसलमेर पुलिस की मदद से एक होटल में दबिश देकर हर्षवर्धन सिंह, मनोज चौधरी और बद्री जाट को पकड़ा गया। चित्तौड़गढ़ लाते वक्त इन तीनों ने गंगरार के पास पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, पीछा किए जाने पर ये गिर पड़े, जिससे इनके पैरों में हल्की चोटें आईं। बाद में जब पुलिस ने इनसे घटनास्थल की तस्दीक करवाई, तो ये लंगड़ाते हुए घटनास्थल तक पहुंचे।
कोतवाली में अफसरों का जमावड़ा, IG ने भी संभाला मोर्चा
तीनों आरोपियों को पकड़ने के बाद चित्तौड़गढ़ कोतवाली में पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह ने उनसे लंबी पूछताछ की। मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी उदयपुर भी चित्तौड़गढ़ पहुंचे और अब तक की कार्रवाई की जानकारी ली। पुलिस उपाधीक्षक विनय चौधरी और अन्य अधिकारियों ने घटना के हर पहलू पर जानकारी जुटाई है।
क्राइम ब्रांच की टीम सक्रिय, जल्द होंगे और भी खुलासे
वारदात की गूंज गृह मंत्रालय तक पहुंचने के बाद अब जांच में और भी एजेंसियों को शामिल कर लिया गया है। गुरुवार को क्राइम ब्रांच की टीम ने भी घटनास्थल का मौका मुआयना किया। इससे पहले एफएसएल टीम भी घटनास्थल की जांच कर चुकी है। बता दें कि इस हमले में जहां एक युवक की जान गई, वहीं दो वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया गया था।
यह भी पढ़ें- Tonk News: सचिन पायलट ने कसा तीखा तंज- BJP की डबल इंजन सरकार सिर्फ धुआं फैला रही, ऑपरेशन सिंदूर पर कही ऐसी बात
जल्द गिरफ्तार होंगे अन्य आरोपी
पुलिस का दावा है कि बाकी बचे आरोपियों की तलाश भी तेजी से की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में कोई भी दोषी बच नहीं पाएगा। चित्तौड़गढ़ में बजरी से जुड़ा यह विवाद अब कानून व्यवस्था की बड़ी चुनौती बनता जा रहा है, जिसे नियंत्रित करने के लिए प्रशासन पूरी ताकत झोंक रहा है।