चित्तौड़गढ़ एसीबी ने एएसआई को रिश्वत लेते रंगे हाथ किया गिरफ्तार
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) चित्तौड़गढ़ की टीम ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए चंदेरिया थाने में तैनात सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) सुभाष चन्द्र यादव को नौ हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी एएसआई शिकायतकर्ता के पुत्र के खिलाफ दर्ज मामले में मदद करने के एवज में यह रिश्वत मांग रहा था। गिरफ्तारी के बाद एसीबी ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और उसके आवास पर भी तलाशी ली जा रही है।
शिकायत पर एसीबी ने बिछाया जाल
एसीबी मुख्यालय को शिकायतकर्ता ने लिखित शिकायत दी थी कि चंदेरिया थाने के एएसआई सुभाष चन्द्र यादव उसके पुत्र के खिलाफ दर्ज प्रकरण में राहत देने के नाम पर नौ हजार रुपये रिश्वत मांगकर परेशान कर रहा है। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर चित्तौड़गढ़ टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई।
यह भी पढ़ें- Rajasthan: युवकों का जानलेवा स्टंट! सीट पर लिटाया, उस पर बैठकर युवक चला रहा था बाइक; वीडियो से थर्राया इंटरनेट
रंगे हाथों धरा गया एएसआई
एसीबी चित्तौड़गढ़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। जैसे ही शिकायतकर्ता ने एएसआई को नौ हजार रुपये दिए, एसीबी टीम ने इशारा मिलते ही उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। इस कार्रवाई की निगरानी एसीबी रेंज उदयपुर के उप महानिरीक्षक पुलिस प्रहलाद सिंह कृष्णिया ने की।
आवास पर भी तलाशी, पुलिस महकमे में हड़कंप
गिरफ्तारी के बाद एसीबी टीम ने आरोपी एएसआई के आवास पर भी दबिश दी। वहां से दस्तावेजों और अन्य संदिग्ध सामग्री की जांच की जा रही है। अचानक हुई इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। थाने और पुलिस विभाग के भीतर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
यह भी पढ़ें- Jhunjhunu News: 25 कुत्तों को गोली मारने वाले को मिली जमानत, गांव में निकली रैली और बजे DJ; विरोध भी हो रहा
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है और आगे की जांच में और भी तथ्य सामने आने की संभावना है।