आश्रम में नाबालिग से दुष्कर्म मामले में जेल में बंद आसाराम की हाईकोर्ट में निगरानी याचिकाओं पर सुनवाई बुधवार को टल गई।
यौन उत्पीडऩ के इस मामले में अब कोर्ट 7 फरवरी को चार्ज आदेश सुनाएगा। इसके बाद अदालत की ओर से तय चार्जों पर ही बहस शुरू होगी। तब तक सभी आरोपियों की न्यायिक हिरासत अवधि बढ़ा दी गई है।
जानकारी के अनुसार नाबालिग से यौन दुराचार मामले में गैंगरेप की धाराओं को लेकर भी बुधवार को बहस हुई। इस दौरान मामला आस्था और अंध-विश्वास और कॉस्मेटिक एक्ट के तहत कार्रवाई की बात भी उठी।
उल्लेखनीय है कि जोधपुर जेल में बंद आसाराम की द्वितीय जमानत याचिका पर राजस्थान हाईकोर्ट में सोमवार को सुनवाई पूरी हो गई थी। लेकिन हाईकोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था।
इस जमानत प्रार्थना पत्र पर न्यायाधीश निर्मलजीत कौर की अदालत में आसाराम ओर से उच्चतम न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता राम जेठमलानी व कर्नाटक उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता सी.वी. नागेश की बहस पूरी होने के बाद सोमवार को वरिष्ठ अधिवक्ता जगमालसिंह चौधरी ने लिखित बहस प्रस्तुत की।