स्कूल में बनाया गया था मतदान केंद्र।
- फोटो : अमर उजाला
सवाई माधोपुर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 22 में पार्षद पद का उपचुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। हाउसिंग बोर्ड सेक्टर तीन स्थित सरकारी विद्यालय में बनाए गए पोलिंग बूथ पर सुबह 8 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हुई, जो शाम 5 बजे तक चली। वार्ड नंबर 22 में 2174 मतदाता हैं, इनमें से 1123 मतदाताओं ने उपचुनाव में मतदान किया। करीब 51.65 प्रतिशत मतदान हुआ। सुरक्षा की दृष्टि से मतदान केंद्र पर प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में आरएसी और पुलिस जवान भी तैनात रहे।
दो प्रत्याशी चुनाव मैदान में
भाजपा से अभयंकर शर्मा और निर्दलीय प्रत्याशी संजय गर्ग चुनाव मैदान में हैं। कांग्रेस की ओर से कोई भी प्रत्याशी चुनाव मैदान में नहीं उतारा गया था। हाउसिंग बोर्ड को भाजपा का गढ़ माना जाता है। माना जा रहा है कि इसलिए ही कांग्रेस ने किसी को टिकट नहीं दिया। कल सोमवार उपचुनाव का परिणाम जारी किया जाएगा।