भारत-पाक सरहद पर बसें सरहदी जिले जैसलमेर के पोछिना गांव से जैसलमेर शहर आ रही निजी ट्रैवेल्स की एक बस सोमवार को गाय को बचाने के चक्कर में पलट गई। यात्रियों से भरी गाड़ी पलटने से चीख पुकार मच गई। हादसे में 12 से ज्यादा लोग घायल हो गए, जिनका जवाहिर अस्पताल में इलाज जारी है।
रास्ते से गुजर रहे भारतीय सेना के जवानों और ग्रामीणों ने इस दौरान घायल यात्रियों को बस से बाहर निकाला। दुर्घटना की जानकारी खुहड़ी थाना पुलिस को दी गई। उसके बाद 108 एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची। 12 से ज्यादा लोग इस हादसे में घायल हो गए। सभी घायलों को निजी गाड़ियों और 108 एंबुलेंस की सहायता से जैसलमेर शहर स्थित जवाहिर अस्पताल लाया गया।
वहीं, खबर लिखने तक किसी की भी मौत का मामला सामने नहीं आया है। इस दौरान जैसलमेर शहर कोतवाली और खुहड़ी थाना पुलिस हादसे के कारणों की जानकारी जुटा रही है।