बूंदी जिला कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा योजना में अब भी कई पात्र व्यक्ति वंचित हैं, जिन्हें जोड़ने के लिए जिला स्तरीय विशेष अभियान चलाया जाए। इस अभियान में उपखंड अधिकारी, विकास अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी और पटवारी की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 13 को आएंगे बांसवाड़ा, व्यापक स्तर पर हो रही तैयारियां
उचित मूल्य दुकानदारों को मिलेगा नियमित भुगतान
बैठक में खाद्य मंत्री ने घोषणा की कि अब उचित मूल्य दुकानदारों को उनकी कमीशन राशि का भुगतान प्रतिमाह किया जाएगा। पहले यह भुगतान कई महीने लंबित रहता था। विभाग द्वारा मई 2025 तक की कमीशन और परिवहन राशि जिला रसद अधिकारियों को हस्तांतरित कर दी गई है और इसका भुगतान इस सप्ताह के अंत तक सुनिश्चित किया जाएगा।