मंदिर में दंडवत प्रणाम के बाद दान थाली से चोरी की
- फोटो : Amar Ujala
बूंदी जिले के नैनवां उपखंड क्षेत्र के बाछोला गांव स्थित प्रसिद्ध ग्वाला का बालाजी मंदिर में चोरी की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। मंदिर में पहुंचे एक युवक ने पहले भगवान के सामने हाथ जोड़कर प्रार्थना की, दंडवत प्रणाम किया और फिर पुजारी की थाली में रखी नकदी चोरी कर ली। पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
हाथ जोड़कर प्रार्थना करता दिखा युवक
जानकारी के अनुसार घटना दोपहर के समय की है। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक सफेद टी-शर्ट पहनकर मंदिर में प्रवेश करता दिखाई देता है। वह सबसे पहले भगवान बालाजी के सामने श्रद्धा व्यक्त करता है और हाथ जोड़कर प्रार्थना करता है। इसके बाद वह इधर-उधर नजर दौड़ाकर यह सुनिश्चित करता है कि उसे कोई देख तो नहीं रहा।
पुजारी की थाली से नकदी निकाला
मौका मिलते ही युवक टेबल पर रखी पुजारी की थाली से नकदी निकाल लेता है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोरी करने के बाद भी वह भगवान के सामने तीन बार दंडवत प्रणाम करता है। कुछ ही देर बाद उसका एक साथी भी मंदिर में पहुंचता है और दोनों बातचीत करते हुए मंदिर परिसर से बाहर निकल जाते हैं। ग्रामीणों के अनुसार मंदिर परिसर की सुरक्षा के लिए करीब 10 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी वजह से पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। कैमरा नंबर-2 में युवक की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं।
मंदिरों में रखी दान राशि भी सुरक्षित
दिनदहाड़े मंदिर में हुई इस घटना से ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में नाराजगी और चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि यह केवल चोरी का मामला नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था से जुड़ा विषय है। पहले चोर घरों और दुकानों को निशाना बनाते थे, लेकिन अब मंदिरों में रखी दान राशि भी सुरक्षित नहीं रह गई है। मंदिर समिति के अनुसार श्रद्धालु तिलक, प्रसाद और चढ़ावे के रूप में पुजारी की थाली में नकदी रखते हैं। दिनभर में यहां अच्छी-खासी राशि एकत्र हो जाती है। घटना के बाद समिति ने मंदिर प्रबंधन और पुजारी को नकदी की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
ये भी पढ़ें-
राजस्थान: नौकरी बचाने की एवज में मांग रही थीं 35 हजार की रिश्वत, एसीबी ने तीन कर्मियों को 10 हजार लेते दबोचा
मंदिर समिति और ग्रामीणों ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों युवकों की पहचान करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस को भी घटना की सूचना दे दी गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की जल्द पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।