फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बूंदी पुलिस का बड़ा एक्शन: बाइक चोर गिरोह का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; सात मोटरसाइकिलें बरामद

Thu, 29 Oct 2026 07:16 PM IST
बूँदी ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बूंदी

सार

बूंदी जिले की तालेड़ा थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर कुल सात चोरी की बाइक बरामद की हैं। इनमें कोटा शहर के नयापुरा और कोटा ग्रामीण के सुल्तानपुर थाना क्षेत्र से चोरी हुई मोटरसाइकिलें भी शामिल हैं। 
विज्ञापन
बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

विज्ञापन

राजस्थान के बूंदी में बाइक चोरी की वारदातों की जांच करते हुए तालेड़ा थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से कुल सात मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। जांच में CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद ली गई। बरामद बाइकों में कोटा के नयापुरा और सुल्तानपुर थाना क्षेत्रों में चोरी हुई मोटरसाइकिलें भी शामिल हैं।

पुलिया के पास खड़ी बाइक हुई गायब, रिपोर्ट से शुरू हुई जांच
पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने बताया कि मामले की शुरुआत 21 अक्टूबर 2026 को हुई। बूंदी के नैनवां रोड स्थित आईटीआई के पीछे संजय कॉलोनी निवासी दीपक शर्मा अपनी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल लेकर अकतासा में मार्बल का काम देखने पहुंचे थे। उन्होंने बाइक अकतासा पुलिया के पास खड़ी की और एक परिचित के साथ काम देखने तालेड़ा चले गए।
विज्ञापन


करीब एक घंटे बाद जब दीपक वापस लौटे तो उनकी मोटरसाइकिल मौके से गायब थी। आसपास तलाश करने के बावजूद बाइक का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को रिपोर्ट दी। तालेड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। क्षेत्र में लगातार सामने आ रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए तालेड़ा थाना स्तर पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने आरोपियों और चोरी की मोटरसाइकिलों का पता लगाने के लिए सूचना तंत्र सक्रिय किया।

जांच के दौरान तालेड़ा, नांता, कुन्हाड़ी और कोटा के अभय कमांड सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। तालेड़ा और बूंदी में हुई अन्य मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं के फुटेज का भी मिलान किया गया। पुलिस के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों और आसूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर कार्रवाई आगे बढ़ाई गई।

तीन आरोपी गिरफ्तार, निशानदेही पर मिलीं छह और बाइक
सीआई मुकेश कुमार यादव ने बताया कि 27 अक्टूबर को कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामगोपाल उर्फ गोपाल (43), राधेश्याम (30) और कालू उर्फ मुकेश (23) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मिली मोटरसाइकिल जब्त कर उन्हें गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से छह अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। इस तरह कुल सात बाइक बरामद की जा चुकी हैं।

कोटा में चोरी हुई बाइक भी बरामद, अन्य मामलों की जांच जारी
पुलिस के मुताबिक, बरामद मोटरसाइकिलों में कोटा शहर के नयापुरा थाना और कोटा ग्रामीण के सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित बाइक भी शामिल हैं। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है। हालांकि, अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने की कार्रवाई
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय सिंह चंपावत के मार्गदर्शन और तालेड़ा वृत्ताधिकारी गंगासहाय शर्मा के सुपरविजन में की गई। तालेड़ा थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक मुकेश कुमार यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपियों को पकड़ने और मोटरसाइकिलें बरामद करने में भूमिका निभाई।
विज्ञापन


पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल राकेश सिंह, हेड कांस्टेबल रणजीत घटाला, कांस्टेबल जीतराम, दिनेश, संदीप, सुरेंद्र और भीकाराम शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, हेड कांस्टेबल रणजीत घटाला, कांस्टेबल जीतराम और कांस्टेबल भीकाराम की इस कार्रवाई में विशेष भूमिका रही।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें