जिले के नैनवा कस्बे में अनंत चतुर्दशी के अवसर पर निकाली जा रही गणेश विसर्जन शोभायात्रा और जैन समाज की ओर से निकाले जा रहे जुलूस के एक ही मार्ग पर आमने-सामने आने से तनाव की स्थिति बन गई। इसी दौरान गणेश विसर्जन शोभायात्रा में शामिल ट्रैक्टर चालक को एक युवक द्वारा थप्पड़ मारने के बाद विवाद और बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोगों ने मौके पर बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त जाप्ता तैनात किया।
पहले से तय था दोनों जुलूसों का रूट और समय
गौरतलब है कि नैनवा में जैन समाज की ओर से पर्युषण पर्व के दौरान हर साल कलश यात्रा निकाली जाती है। वहीं अनंत चतुर्दशी पर सर्वसमाज की ओर से गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए शोभायात्रा निकाली जाती है। दोनों आयोजनों को देखते हुए प्रशासन और संबंधित पक्षों के बीच जुलूस के रूट और समय को लेकर पहले से व्यवस्था तय की गई थी।
जैन समाज की चतुर्मास समिति के अध्यक्ष विनोद जैन के अनुसार गुरुवार को नैनवा थाने में हुई बैठक में दोनों जुलूसों के रूट और समय को लेकर सहमति बनी थी। उनका आरोप है कि मौके पर तय व्यवस्था के मुताबिक इंतजाम नहीं होने के कारण दोनों जुलूस एक ही मार्ग पर पहुंच गए। विनोद जैन का कहना है कि पर्युषण पर्व के दौरान निकलने वाली कलश यात्रा के समय का विशेष महत्व रहता है। इसके अलावा जुलूस में देरी होने के कारण भी स्थिति बिगड़ी। दोनों जुलूसों के आमने-सामने आने के बाद उनके वाहनों को रोक दिया गया और जुलूस में बज रहे डीजे बंद करा दिए गए। इसी दौरान भीड़ में मौजूद एक युवक ने गणेश विसर्जन शोभायात्रा में झांकी के साथ चल रहे ट्रैक्टर चालक को कथित तौर पर थप्पड़ मार दिया। इसके बाद गणेश विसर्जन शोभायात्रा में शामिल लोगों में नाराजगी फैल गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग करने और लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन कुछ देर तक मौके पर नारेबाजी जारी रही।
ये भी पढ़ें: चित्तौड़गढ़: कुख्यात तस्कर जाहिद खान की 1.90 करोड़ की संपत्ति फ्रीज,नशे के काले कारोबार से खड़ा किया साम्राज्य
पुलिस वाहन को घेरने का भी प्रयास
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार कुछ लोगों ने पुलिस वाहनों को घेरने का प्रयास भी किया। पुलिस अधिकारियों ने समझाइश कर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। शाम करीब साढ़े पांच बजे तक मुख्य बाजार क्षेत्र को खाली कराने में पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। लोहड़ी चौहटी क्षेत्र में जैन समाज से जुड़े लोगों ने विरोध जताते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की,वहीं गणेश विसर्जन शोभायात्रा में शामिल लोगों में भी नाराजगी रही। दोनों पक्षों के लोगों ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की।
विवाद के बाद सर्वसमाज से जुड़े कुछ लोग धरने पर बैठ गए। उनकी मांग है कि ट्रैक्टर चालक को थप्पड़ मारने के आरोपी युवक को हिरासत में लिया जाए और उसे मौके पर बुलाकर माफी मंगवाई जाए। लोगों ने मांग पूरी होने तक धरना जारी रखने की बात कही। दूसरी ओर जैन समाज के लोग भी मौके पर बैठकर विरोध जताते रहे। उनका कहना है कि जुलूस के समय और रूट को लेकर पहले से व्यवस्था तय होने के बावजूद दोनों जुलूस एक ही मार्ग पर पहुंच गए, जिससे विवाद की स्थिति बनी।
पुलिस अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
मामले की सूचना मिलते ही डीएसपी ओमप्रकाश मीणा, नैनवा थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय सिंह चंपावत ने बताया कि पुलिस को जुलूस के दौरान मारपीट की सूचना मिली थी। पुलिस पहले से ही जुलूस के आसपास तैनात थी और सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई।
उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के लोगों को अलग कर समझाइश की जा रही है। जिस युवक पर मारपीट का आरोप है, उसके खिलाफ कार्रवाई करने और उसे जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया गया है। एक पक्ष की ओर से आरोपी युवक को मौके पर बुलाकर माफी मंगवाने की मांग भी की गई है।
ड्रोन से भी रखी जा रही नजर
हंगामे को देखते हुए पुलिस ने ड्रोन के जरिए भी इलाके की निगरानी शुरू कर दी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है, हालांकि दोनों पक्षों की ओर से नारेबाजी और विरोध जारी है।
घटना के बाद नैनवा के मुख्य बाजार और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। किसी भी तरह के टकराव की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है। प्रशासन और पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।