बूंदी में नेशनल हाईवे-12 पर भीषण सड़क हादसा हुआ
- फोटो : Amar Ujala
बूंदी जिले में पुराने नेशनल हाईवे-12 पर एक तेज रफ्तार कार हादसे के बाद बेकाबू हो गई। पहले कार की सामने से आ रहे दूसरे वाहन से भिड़ंत हुई और इसके बाद चालक वाहन को संभाल नहीं सका। कार सड़क किनारे खड़ी छह बाइकों में जा घुसी। हादसे में 4 लोग घायल हुए, जबकि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोगों को कुछ समझने का मौका तक नहीं मिला। टक्कर की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे। सड़क पर क्षतिग्रस्त कार और मोटरसाइकिलें बिखरी मिलीं। स्थानीय लोगों ने घायलों को संभाला और अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
कुछ सेकंड में बदल गया पूरा मंजर
हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में कार तेज गति से आती नजर आती है। सामने से आ रही कार से टक्कर के बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़ी बाइकों की तरफ चला जाता है। इसके बाद एक के बाद एक कई मोटरसाइकिलें उसकी चपेट में आती दिखाई देती हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की गति काफी अधिक थी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
चार लोगों के घायल होने की जानकारी
पुलिस के अनुसार हादसे में 45 वर्षीय शरीफ उर्फ पप्पा पुत्र छीतर भाई, 42 वर्षीय हनीफ उर्फ मफू पुत्र रहीमा, जाहिद पुत्र मजीद और शमी पुत्र गणपत घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
ये भी पढ़ें-
काउंटिंग से पहले भाजपा की बाड़ेबंदी: जयपुर के पार्षद प्रत्याशियों को बसों से भेजा, 22 सितंबर रहने के निर्देश
चालक हिरासत में, मेडिकल जांच में नशे की पुष्टि
कोतवाली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार चालक राहुल मेहरा पुत्र रतन लाल को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक चालक का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें उसके नशे में होने की पुष्टि हुई। कार में देवेंद्र पुत्र रामदेव तेली भी मौजूद था। पुलिस ने दोनों के संबंध में कार्रवाई शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज से जांच में मिले अहम सुराग
पुलिस को पुराने नेशनल हाईवे-12 पर दुर्घटना की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर कार के दूसरी कार और सड़क किनारे खड़े वाहनों से टकराने की जानकारी मिली। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन के चालक की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया है। सीसीटीवी फुटेज को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और चालक की लापरवाही की जांच कर रही है। मामले में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।