जयपुर ग्रामीण सांसद कर्नल राज्यवर्धन राठौड़
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और जयपुर ग्रामीण सांसद कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने गहलोत सरकार द्वारा पेश किए गए बजट को चुनावी बताया। उन्होंने कहा कि ये बजट जनता को भ्रमित करने वाला, लोक लुभावना और आने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए बनाया गया है। बजट में जनता को गुमराह करने की कोशिश की गई है। गहलोत सरकार का बजट तीन घंटे की घिसी पिटी फिल्म है, लेकिन पब्लिक सब जानती है।
कर्नल राज्यवर्धन ने कहा, गहलोत सरकार द्वारा पूर्व में प्रस्तुत किए गए बजटों की घोषणाओं को धरातल पर नहीं उतारा गया। इस बजट से भी युवा, किसान, मजदूर महिला सहित समाज के हर वर्ग को ठगा गया है। बजट में किसानों को 2000 यूनिट बिजली फ्री देने की घोषणा की गई है, लेकिन गांवों में बिजली तो आ ही नहीं रही है। बजट में बिजली आपूर्ति को दुरूस्त करने की व्यवस्था भी नहीं की गई।
उन्होंने कहा, गहलोत सरकार के चार वर्षों के कार्यकाल ने दलित और महिला अत्याचार में प्रदेश को नंबर वन बना दिया है। लगातार बढ़ते अपराध पर अंकुश लगाने के लिए कोई ठोस उपाय नहीं किए गए हैं। चार साल से पेपर लीक हो रहें हैं, लेकिन सरकार ने सिर्फ टास्क फोर्स का गठन कर लीपापोथी करने का काम किया है।
कर्नल राज्यवर्धन ने कहा कि बजट से जयपुर ग्रामीण की जनता निराश हुई है, जबकि केंद्र सरकार की योजनाओं से जनता को भरपूर लाभ मिल रहा है। गहलोत सरकार केंद्र सरकार की योजनाओं को ही अपना बताकर वाहवाही लूटने का प्रयास कर रही है।