प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेयजल संकट से जूझते करौली और धौलपुर जिलों को अजमेर दौरे के दौरान दी गई सौगात के बाद शुक्रवार को सासंद डॉ. मनोज राजोरिया ने करौली में प्रेसवार्ता की। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री का आभार जताया।
सांसद मनोज राजौरिया ने कहा कि पीएम की इस सौगात से लोकसभा क्षेत्र करौली-धौलपुर दोनों जिलों में पेयजल संकट से जूझ रहे 820 गांव लाभांवित होंगे। सासंद राजौरिया ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के अजमेर आने के मौके पर केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राजस्थान के लिए 23 हजार करोड़ की 5 पेयजल परियोजनाओं को मंजूरी दी है। उन्होंने बताया कि संसदीय क्षेत्र करौली-धौलपुर के दोनों ही जिलों को सम्मिलित करते हुए संसदीय क्षेत्र की 2 महत्वपूर्ण परियोजनाएं- करौली जिले के लिए चंबल-करौली-सवाई माधोपुर और धौलपुर जिले के लिए कालीतीर-धौलपुर परियोजना को मंजूरी दी गई है।
टोडाभीम और सवाई माधोपुर जिले के अन्य भागों तक बढ़ाया गया प्रोजेक्ट
सांसद राजोरिया ने बताया कि चंबल करौली-सवाईमाधोपुर-नादौती परियोजना के लिए 2004 में तत्कालीन भाजपा सरकार ने 567 करोड़ रुपए स्वीकृत किए थे। इसी परियोजना का विस्तार करते हुए इसे टोडाभीम और सवाई माधोपुर जिले के अन्य भागों तक बढ़ाया गया है। सांसद डॉ. मनोज राजोरिया ने बताया कि इसमें करौली जिले के टोडाभीम उपखंड के कुल 73 गांवों को सम्मिलित किया गया है। 2004 से लेकर अभी तक इस परियोजना में करौली और सवाई माधोपुर जिलों के कुल 1234 गांवों को सम्मिलित किया गया है।
जिसमें करौली जिले के 820 गांव सम्मिलित हैं। सांसद डॉ राजोरिया ने बताया कि इसी तरह संसदीय क्षेत्र के धौलपुर जिले की महत्वपूर्ण परियोजना कालीतीर पेयजल परियोजना के लिए लगभग 842 करोड़ रुपये स्वीकृत किये गये हैं। इसमें इस परियोजना से भरतपुर व धौलपुर जिले के लगभग 470 गावों को सतही जल की आपूर्ति से जोड़ा जाएगा। इस परियोजना से धौलपुर जिले के बड़ी- बसेडी सरमथुरा क्षेत्र के 263 गावों, धौलपुर के 113 गांव और भरतपुर जिले के बयाना ब्लॉक के 94 गावों को सम्मिलित किया गया है।
कालीतीर पेयजल परियोजना के लिए पार्वती और रामसागर बांध से पानी सप्लाई होगा
सांसद ने बताया कि कालीतीर पेयजल परियोजना के लिए पार्वती और रामसागर बांध से पानी की आपूर्ति की जाएगी। इसके लिए पार्वती और रामसागर बांध में इंटेक बेल और दोनों बांधों पर ट्रीटमेंट प्लांट लगाए जाएंगे । सांसद राजोरिया ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 15 अगस्त 2019 को देश प्रत्येक घर तक जल से जल पहुंचाने की महत्वपूर्ण परियोजना की घोषणा की थी। इसके तहत अभी तक जल जीवन मिशन में संसदीय क्षेत्र के दोनों ही जिलों के कुल 1223 गावों को सम्मिलित किया गया है, जिसमें करौली जिले के 847 और धौलपुर जिले के 376 गांव सम्मिलित हैं।
चंबल पांचना-जगर परियोजना के लिए भी डीपीआर तैयार
इसके अलावा करौली जिले की अत्यन्त महत्वपूर्ण परियोजना चंबल पांचना-जगर परियोजना के लिए में लगातार प्रयासों के चलते इस परियोजना की डीपीआर तैयार हो चुकी है। जिसमें इस परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 1939 करोड़ रुपये बताई गई है। लेकिन, राज्य सरकार ने इसे स्वीकृत करते हुए राशि आवंटित नहीं की। जिस कारण परियोजना का काम शुरू नहीं हो सका है।