हंगामें के बाद कार्यालय में बिखरा सामान।
- फोटो : अमर उजाला
बीकानेर के पुलिस लाइन स्थित जोधपुर डिस्कॉम के सहायक अभियंता ग्रामीण कार्यालय में सोमवार को बिजली के ट्रांसफार्मर संबंधी काम के लिए आए ग्रामीणों ने जमकर तोड़फोड़ की। साथ ही मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की।
जोधपुर ग्रामीण सहायक अभियंता कार्यालय के सहायक अभियंता धीरज विश्नोई ने बताया कि जामसर थाना क्षेत्र के गैरसर गांव के ग्रामीण बिजली ट्रांसफार्मर काम के लिए ऑफिस आए थे। वहां खेजड़ी का पेड़ बीच में होने से काम रुका हुआ था। इसको लेकर ग्रामीणों को समस्या का समाधान होने की जानकारी दे ही रहे थे, तभी वहां आए पांच सात युवकों ने कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। कांच के गेट तोड़ दिए और कंप्यूटर और अन्य सामान नीचे गिरा दिया। हैरत की बात ये रही कि मौके पर पुलिस बल मौजूद होने के बावजूद ये लोग तोड़फोड़ करते रहे। अतिरिक्त पुलिस बल आने के बाद ये ग्रामीण वहां से निकले।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस घटना की जानकारी के बाद का एएसपी सिटी दीपक शर्मा, सीओ सिटी श्रवण दास सहित पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने कर्मचारियों से बातचीत की और घटना को लेकर जानकारी ली। अब इस मामले में बिजली कर्मचारी एकत्र होकर घटना का विरोध कर रहे हैं और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।