बीकानेर के नया शहर थाना इलाके में एक पेट्रोल पंप के ऑफिस से दिनदहाड़े लाखों रुपये चुरा ले जाने का मामला सामने आया है। चोरी की यह घटना पेट्रोल पंप ऑफिस के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चोर को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गजनेर रोड पर पंडित धर्म कांटे के पास बीजेपी नेता दीपक पारीक के पेट्रोल पंप पर बुधवार शाम हुई चोरी की इस घटना में अज्ञात चोर पंप पर बने केबिन में घुस कर गल्ले से ढाई लाख नकदी पार कर ले गए। अचानक हुए इस घटनाक्रम के बाद पेट्रोल पंप कर्मियों में हड़कंप सा मच गया।
इस दौरान जब केबिन में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए तो उसमें अज्ञात युवक गल्ले से नकदी पार करते हुए दिखाई दिया। घटना को लेकर पंप के सेल्समैन की ओर से नया शहर थाने में दर्ज हुई एफआईआर के बाद थाना पुलिस की टीम चोर की तलाश में जुट गई। पुलिस ने इस मामलें में एक युवक को हिरासत में लिया है। फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।