मधुमक्खियों का छत्ता हटाने के दौरान तीन मंजिला मकान में लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
बीकानेर शहर के कोटगेट थाना क्षेत्र स्थित बिस्कुट गली में शनिवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब सामुदायिक भवन के पास स्थित एक तीन मंजिला मकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते लपटें तेजी से फैलने लगीं। आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए और पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
मधुमक्खियों का छत्ता हटाने के दौरान हुआ हादसा
मौके पर पहुंचे कोटगेट थाना पुलिस के सहायक उप निरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि मकान मालिक संदीप भार्गव घर की दूसरी मंजिल पर बने मधुमक्खियों के छत्ते को हटाने के लिए आग जला रहे थे। इसी दौरान वहां पास में पड़ा लकड़ी का कबाड़ आग की चपेट में आ गया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और मकान की दूसरी मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया।
दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा रही और प्रशासन को स्थिति नियंत्रित करने में काफी प्रयास करने पड़े।
पढ़ें- अपहरण के बाद हत्या: थार से आए लोग मनखुश को उठा ले गए, शव मिलने पर गांव में तनाव; क्या मोबाइल विवाद ने ली जान?
स्थानीय लोगों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
आग लगने के समय पूरा परिवार मकान के अंदर मौजूद था। हालांकि स्थानीय लोगों की सतर्कता और तत्परता के चलते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आग मुख्य रूप से दूसरी मंजिल पर लगी, जिससे वहां रखा सामान जलकर खराब हो गया। घटना के बाद काफी देर तक इलाके में अफरातफरी और दहशत का माहौल बना रहा।
समय रहते आग बुझने से टली बड़ी अनहोनी
प्रशासन और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल घटना के बाद क्षेत्र में स्थिति सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।