भीषण सड़क हादसे में दो ट्रेलरों की भिड़ंत, एक की मौत
- फोटो : अमर उजाला
बीकानेर-जामसर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार अलसुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दो ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। जामसर थाना क्षेत्र में दो ट्रेलरों की आमने-सामने टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई और देखते ही देखते वे आग की लपटों में घिर गए।
पुलिस के अनुसार हादसे में दो ट्रेलरों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हुई। टक्कर के बाद एक ट्रेलर में सवार संदीप जयंत (36) निवासी चौरा, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) वाहन में ही फंस गया। आग तेजी से फैलने के कारण उसे बाहर निकालने का मौका नहीं मिल सका और उसकी मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। इस हादसे में दोनों ट्रेलरों के चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान मोहम्मद फहीम (40) निवासी शामली (उत्तर प्रदेश) तथा दिनेश विश्नोई (33) निवासी जेडी मगरा, थाना पांचू, जिला बीकानेर के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ये भी पढ़ें: जयपुर में बड़ा हादसा: निर्माणाधीन दीवार गिरने से दो मजदूरों की मौत, कई लोगों के फंसे होने की आशंका
सूचना मिलते ही जामसर थानाधिकारी रवि कुमार मीणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करवाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। आग पर काबू पाने के बाद दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलरों को हाईवे से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सुचारू कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह दोनों ट्रेलरों की आमने-सामने की टक्कर मानी जा रही है। हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।