राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) के अध्यक्ष ललित मोदी को जोरदार झटका लगा है। बोर्ड में सोमवार को उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है।
अविश्वास प्रस्ताव के दौरान 18 जिला संघ सदस्यों ने ललित मोदी के खिलाफ मत दिया, केवल एक मत मोदी के समर्थन में गया है। पांच मत विवादास्पद हैं, जिन्हें लिफाफे में बांद रखा गया है। 13 सदस्य गैर मौजूद रहे।
गौरतलब है कि मोदी के विरोध में अमीन पठान ने अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया था। बैठक के दौरान मोदी समर्थक व पठान समर्थकों में कहासुनी हो गई, जो पत्थरबाजी व तोडफ़ोड़ तक पहुंच गई। बसों में जमकर तोडफ़ोड़ की गई। कुछ लोग मामूली घायल भी हुए।
बता दें कि राजस्थान क्रिकेट संघ (आरसीए) के चुनावों में पूर्व में मोदी को बतौर अध्यक्ष चुना गया था। लेकिन हाइकोर्ट के निर्णय के बाद से ही उनकी नियुक्ति पर रोक लगा दी गई थी।
आईपीएल विवाद के बाद से ही लंदन में रह रहे आईपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी के लिए भारतीय क्रिकेट में लौटने की कवायद को इस अविश्वास प्रस्ताव से झटका लगा है।