भीलवाड़ा जिले के आसींद उपखंड के सरेरी गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। गांव के एक व्यक्ति ने अपनी बेटी की शादी 25 अप्रैल 2025 को धूमधाम से की थी। शादी पर लाखों रुपये खर्च हुए, लेकिन शादी के महज चार महीने बाद 29 जुलाई 2025 को बेटी अपने पति के एक रिश्तेदार के साथ प्रेम संबंध में पड़ गई और घर छोड़कर उसके साथ लव मैरिज कर ली।
जब मामला थाने तक पहुंचा और लड़की को पुलिस लेकर आई, तो उसने अपने ही पिता के खिलाफ बयान दर्ज करवा दिए। इस घटना से आहत होकर पिता ने अपनी जीवित बेटी को ‘स्वर्गवासी’ मान लिया। उन्होंने शोक पत्रिका छपवाकर गांव में बांटी जिसमें लिखा 'अत्यन्त दु:ख के साथ सूचित किया जाता है कि मेरी बेटी का विवाह दिनांक 25 अप्रैल 2025 को हुआ है, जो विवाह पश्चात दिनांक 29 जुलाई 2025 को किसी और के साथ चली गई। इसलिए हमारे परिवार के लिए वह स्वर्गवासी हो गई। उसका द्वादसा दिनांक 10 अगस्त रविवार को रखा गया है।'
पिता ने घर के बाहर 12 दिनों की शोक बैठक का आयोजन भी किया है। उन्होंने कहा कि जब बेटी ने पुलिस में हमारे खिलाफ बयान दिए, तो हमने उसे मृत मान लिया और यह कदम उठाया। यह मामला गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां लोग इसे परिवारिक सम्मान, रिश्तों में बदलते मूल्यों और सामाजिक मानसिकता के दृष्टिकोण से देख रहे हैं।