घटनास्थल पर मौजूद पुलिस तथा अन्य टीमें
- फोटो : अमर उजाला
भीलवाड़ा की शाहपुरा पंचायत समिति के फूलिया कला गांव में दुख को गहरा देने वाला हादसा सामने आया। जयपुर के शिवदासपुरा में हुए भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत का गम झेल रहे परिवार और ग्रामीण अंतिम संस्कार के बाद खारी नदी के एनिकट पर नहाने पहुंचे। इनमे से सात युवक डूबने लगे, जिनमें से दो की मौत हो गई, एक युवक अब भी लापता है। चार को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दो परिवारों के सात सदस्यों की जयपुर में हुई थी मौत
जानकारी के मुताबिक, 14 सितंबर की सुबह जयपुर के शिवदासपुरा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो परिवारों के सात लोगों की जान चली गई। ये सभी हरिद्वार से अस्थि विसर्जन करके लौट रहे थे। मृतकों में भीलवाड़ा के फूलिया कला गांव निवासी अशोक वैष्णव (47), उनकी पत्नी सीमा (45), बेटा रोहित (23) और पोता गजराज (6) शामिल थे। अशोक वैष्णव के पिता गोपाल वैष्णव का हाल ही में देहांत हुआ था, उन्हीं की अस्थियां विसर्जित कर ये लोग लौट रहे थे। दुर्घटना इतनी भयानक थी कि कार 16 फीट नीचे अंडरपास में भरे पानी में गिर गई और सातों की मौके पर ही मौत हो गई। रविवार दोपहर में हादसे का पता चलने पर शव बाहर निकाले गए।
सड़क हादसे के बाद श्मशान में उमड़ा जनसैलाब
रविवार को इन सातों का अंतिम संस्कार फूलिया कला के धानेश्वर रोड स्थित श्मशान घाट में हुआ। गांव और आसपास से बड़ी संख्या में लोग इस विदाई में शामिल हुए और शोकाकुल माहौल में परिजनों को ढांढस बंधाया।
नहाने के दौरान सात युवक डूबे
अंतिम संस्कार के बाद परिजन और ग्रामीण परंपरा के तहत खारी नदी के एनिकट पर नहाने पहुंचे। इसी दौरान विजय प्रताप सिंह (30), मुकेश गोस्वामी (25), महेंद्र माली (25), बरदी चंद (34), महेश (35), राकेश (28) और जीवराज (30) अचानक गहरे पानी में डूबने लगे। मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत बचाव का प्रयास किया और राकेश, जीवराज, विजय प्रताप सिंह व मुकेश गोस्वामी को बाहर निकाल लिया गया। चारों को फूलिया कला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए तीन को शाहपुरा जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।