भीलवाड़ा शहर के सुभाष नगर थाना क्षेत्र के सिविल लाइंस इलाके में गुरुवार रात एक स्कूटी सवार अज्ञात युवक ने मोटरसाइकिल से जा रहे वकील गोविंद माणनिया का रास्ता रोककर उन पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। चाकू का वार हाथ पर लगने से अत्यधिक खून बह गया, जिससे वकील सड़क पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। वारदात के बाद आरोपी स्कूटी पर सवार होकर मौके से फरार हो गया। राहगीरों की मदद से घायल वकील को तुरंत महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ के लिए शहर भर में नाकेबंदी शुरू कर दी है।
सिविल लाइंस इलाके में रोका रास्ता
महात्मा गांधी अस्पताल स्थित पुलिस चौकी से मिली जानकारी के अनुसार, मूल रूप से ब्राह्मणों की सरेड़ी के निवासी एडवोकेट गोविंद माणनिया गुरुवार रात अपने किसी निजी काम से सिविल लाइंस इलाके से मोटरसाइकिल पर गुजर रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक अज्ञात युवक ने उनकी मोटरसाइकिल का रास्ता रोक लिया। इससे पहले कि वकील कुछ समझ पाते, हमलावर युवक ने उन पर चाकू से अचानक वार कर दिया।
गर्दन का वार बचाया तो हाथ में लगा चाकू
हमलावर ने सीधे वकील की गर्दन पर चाकू से जानलेवा वार करने की कोशिश की। हालांकि, सतर्कता दिखाते हुए एडवोकेट गोविंद माणनिया ने खुद का बचाव करने के लिए तुरंत अपना हाथ आगे कर दिया। इसके चलते चाकू का वार उनकी गर्दन के बजाय हाथ पर लगा और उनके हाथ में गहरा घाव हो गया। घाव से काफी मात्रा में खून बहने लगा और अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण वकील सड़क पर ही अचेत होकर गिर पड़े।
ये भी पढ़ें-
यूपी पुलिस की सख्ती से बचने का था प्लान?: राजस्थान लाकर कुएं में छिपाईं पांच करोड़ की दवाएं, आरोपी गिरफ्तार
साथी अधिवक्ताओं में फैला भारी आक्रोश
वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद हमलावर आरोपी अपनी स्कूटी से मौके से भाग निकला। वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने घायल अवस्था में पड़े वकील को संभाला और तत्काल महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही जिला बार अध्यक्ष उम्मेद सिंह तथा पूर्व अध्यक्ष राजेश शर्मा समेत बड़ी संख्या में साथी वकील महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचे। वकीलों ने घायल एडवोकेट से मुलाकात कर घटनाक्रम की जानकारी ली और इस जानलेवा हमले पर भारी आक्रोश व्यक्त किया। साथी अधिवक्ताओं ने आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की नाकेबंदी और तलाश
उधर, वारदात की सूचना मिलने पर सुभाष नगर थाना पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी की तलाश में जिले भर में नाकेबंदी करवा दी गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में यह वारदात लूट के इरादे से किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस की टीमें स्कूटी सवार अज्ञात आरोपी के बारे में सुराग जुटाने में लगी हैं और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही हैं।