फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rajasthan: भीलवाड़ा में फाइनेंसर की निर्मम हत्या, सीमेंट के पोल से बांधकर कुएं में फेंका शव

Sun, 26 Jul 2026 06:38 PM IST
भीलवाड़ा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भीलवाड़ा

सार

Rajasthan News: भीलवाड़ा जिले में सात दिन से लापता 78 वर्षीय फाइनेंसर शोभाराम जैन का शव कुएं से बरामद हुआ। बदमाशों ने उनके हाथ-पैर बांधकर भारी सीमेंट के पोल से शव को बांध दिया और कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया है और एफएसएल टीम की मदद से हत्या के हर पहलू की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
अपराध - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जिले के बागोर थाना क्षेत्र में सात दिन से लापता फाइनेंसर का शव रविवार को कुएं से मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। हत्यारों ने वारदात को अंजाम देने के बाद शव के हाथ-पैर बांध दिए और खेत की बाड़बंदी में इस्तेमाल होने वाले भारी सीमेंट के पोल से बांधकर कुएं में फेंक दिया, ताकि शव पानी की सतह पर न आ सके। शव मिलने के बाद पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया है। वहीं, मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
विज्ञापन


सिरियारी दर्शन के बाद रहस्यमय ढंग से हो गए थे लापता
पुलिस के अनुसार, बावलास गांव निवासी 78 वर्षीय शोभाराम जैन 19 जुलाई से लापता थे। वह अपनी पत्नी और कुछ परिचितों के साथ पाली जिले के प्रसिद्ध जैन तीर्थ सिरियारी दर्शन के लिए गए थे। दर्शन के बाद वह घर लौटने के लिए रवाना हुए, लेकिन वापस नहीं पहुंचे। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मुंबई में रहने वाले उनके पुत्र भैरूलाल जैन ने 22 जुलाई को बागोर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। तब से पुलिस और परिजन उनकी तलाश में जुटे थे।

ग्रामीणों ने कुएं में देखा शव, जेसीबी-क्रेन से निकाला बाहर
रविवार सुबह मदनपुर गांव के पास सड़क किनारे स्थित एक कुएं में ग्रामीणों ने शव दिखाई देने पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बागोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव कुएं में गहराई में होने के कारण जेसीबी और क्रेन की मदद से उसे बाहर निकाला गया। दोपहर करीब दो बजे शव बाहर निकालने के बाद परिजनों ने उसकी पहचान शोभाराम जैन के रूप में की, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
विज्ञापन


हाथ-पैर बांधे, मुंह पर कपड़ा और सीमेंट के पोल से बांधकर फेंका शव
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बदमाशों ने पहले शोभाराम जैन के हाथ-पैर बांधे। इसके बाद उनके साथ भारी सीमेंट का पोल बांध दिया, ताकि शव लंबे समय तक पानी के भीतर ही दबा रहे और किसी को घटना का पता न चल सके। इतना ही नहीं, उनके मुंह पर भी कपड़ा बंधा हुआ मिला। वारदात के तरीके को देखते हुए पुलिस इसे सुनियोजित हत्या मानकर जांच कर रही है।

मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम, एफएसएल टीम जुटा रही सबूत
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का सही कारण, हत्या का समय और अन्य महत्वपूर्ण तथ्य सामने आएंगे। वहीं, एफएसएल टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक और भौतिक साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। कुएं और उसके आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सके।

लेन-देन के विवाद में हत्या की आशंका, हर पहलू पर जांच
बागोर थाना पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शोभाराम जैन क्षेत्र में ब्याज पर रुपए उधार देने का काम करते थे। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि रुपए के लेन-देन या उधारी की वसूली को लेकर हुए विवाद के चलते उनकी हत्या की गई हो सकती है। हालांकि पुलिस फिलहाल किसी एक कारण पर नहीं पहुंची है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें: सब कुछ सांवलिया सेठ का! भक्त ने 10 बीघा खेत और चार मंजिला मकान ट्रस्ट के नाम किया; ये है वजह
विज्ञापन


मोबाइल कॉल डिटेल और आर्थिक लेन-देन की हो रही पड़ताल
शव मिलने की सूचना से परिजनों में मातम छा गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस मृतक के मोबाइल कॉल डिटेल, हालिया संपर्कों, आर्थिक लेन-देन और संदिग्ध लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें