फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhilwara News: घेराबंदी के बाद डोडाचूरा तस्करों ने की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में 1 तस्कर ढेर, दूसरा गिरफ्तार

Thu, 06 Aug 2026 12:12 PM IST
भीलवाड़ा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भीलवाड़ा

सार

डोडाचूरा तस्करी की सूचना पर की गई नाकाबंदी के दौरान पुलिस और तस्करों के बीच फायरिंग हो गई। मुठभेड़ में एक आरोपी की मौत हो गई, जबकि उसका साथी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
विज्ञापन
अस्पताल में भर्ती तस्कर, जिसकी बाद में मौत हो गई - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जिले के पुर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और मादक पदार्थ तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार तस्करों ने पहले पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षा के तहत की गई कार्रवाई में एक आरोपी की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया।

विज्ञापन


पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान गणपत पुत्र आलाराम (35) निवासी भोपालगढ़, जिला जोधपुर के रूप में हुई है। घायल अवस्था में उसे महात्मा गांधी चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। वहीं दूसरा आरोपी महेंद्र गोदारा पुलिस हिरासत में है, जिससे पूछताछ की जा रही है।

एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि तस्कर एक कार में डोडा-चूरा की खेप लेकर भीलवाड़ा की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने पुर बाईपास पर नाकाबंदी कर संदिग्ध कार को रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी गति बढ़ा दी और मौके से भागने लगा। इसके बाद पुलिस ने कार का पीछा शुरू किया।
विज्ञापन


पुलिस पर फायरिंग, जवाब में चली गोलियां
पुलिस का कहना है कि पीछा किए जाने पर कार सवार आरोपियों ने पिस्टल से पुलिस दल पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान चली गोली गणपत के सीने और पसलियों के पास लगी। गंभीर रूप से घायल होने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मुठभेड़ के दौरान कार का अगला शीशा भी गोलियों से क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। गोलीबारी के दौरान कार में सवार दूसरा आरोपी महेंद्र गोदारा मौके से भागने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। उससे पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

ये भी पढ़ें: Jaipur News: विदेश में नौकरी का झांसा, फिर साइबर स्कैम सेंटर में बंधक बनाकर कराते थे ठगी, 3 और आरोपी गिरफ्तार

एएनटीएफ का दावा- पहले पुलिस पर हुई फायरिंग
एएनटीएफ प्रभारी राजाराम ने बताया कि कार्रवाई के दौरान टीम को दो हिस्सों में बांटा गया था। एक टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर आगे नाकाबंदी कर रखी थी। जब आरोपियों ने रास्ता बंद देखा तो कार मोड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिसकर्मी स्टॉपर लगाने के लिए वाहन से उतरे, तभी आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी घायल हुआ और बाद में उसकी मौत हो गई। वाहन में दो ही आरोपी सवार थे।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को कार में डोडा-चूरा होने के संकेत मिले हैं। जब्त सामग्री की जांच की जा रही है। पुलिस को यह भी आशंका है कि तस्करों के साथ एक अन्य वाहन भी चल रहा था, जिसमें मादक पदार्थ हो सकते हैं। उसकी तलाश में आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
विज्ञापन


घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक सागर राणा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल जोशी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर पूरे तस्करी नेटवर्क का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें