भरतपुर। बयाना-वैर राज्य राजमार्ग पर भगोरी गांव के पास बृहस्पतिवार दोपहर तेज रफ्तार जीप ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक घायल हो गया। परिजन मौके पर पहुंचे और युवक को बयाना सीएचसी लाए। यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक निरंजन गुर्जर बयाना कस्बे से सटे मुर्रकी गांव का रहने वाला है। वह पहलवानी का शौक रखता था। सूचना पर सीएचसी पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। बयाना कोतवाली पुलिस ने युवक के शव का बयाना सीएचसी में पोस्टमार्टम कराया है।
एएसआई जितेंद्र शर्मा ने बताया निरंजन गुर्जर (35) पुत्र रनसिंह दोपहर करीब 2 बजे बाइक से गांव से वैर की तरफ जा रहा था। भगोरी गांव के पास सामने से तेज रफ्तार आई जीप ने निरंजन की बाइक में टक्कर मार दी। सिर में चोट लगने के कारण निरंजन की मौत हो गई। सीएचसी में मौजूद शिशुपाल ने बताया कि भाई निरंजन के दो बेटे हैं। दोनों बेटों के सिर से पिता का साया उठ गया।