भरतपुर। लंबे अर्से से उपेक्षा का शिकार शहर के कुंड और विरासतों के संरक्षण व सौंदर्यीकरण का कार्य सरकार की ओर से शुरू करवाया गया है। यहां शहर के 10 दरवाजों सहित तीन मंदिर, एक मस्जिद, सालिगराम कुंड, नेहरू पार्क एवं टाउन हॉल के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों पर सरकार की ओर से 28.41 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। कार्यकारी एजेंसी आरयूआईडीपी की ओर से मैसर्स खंडेलवाल कंस्ट्रक्शन कंपनी, जेवी मैसर्स, एमएम ब्रदर्स-जयपुर को सौंपा है। सभी कार्य 12 नंवबर 2024 तक पूरे करा लिए जाएंगे।
योजना के तहत 6.36 करोड़ की लागत से स्टेशन रोड स्थित सालिगराम कुंड का संरक्षण शुरू किया गया है। कुंड की दीवार, घाट, फर्श का जीर्णोद्धार किया जाएगा। आसपास की विरासत संरचनाओं के अग्रभाग का जीर्णोद्धार, प्रकाश तथा आगंतुकों के लिए कियोस्क, पार्किंग, शौचालय जैसी सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
मंदिर, मस्जिद, द्वारों पर लाइटिंग
योजना के तहत 2.14 करोड़ रुपये की लागत से शहर के लक्ष्मण मंदिर, गंगा मंदिर और जामा मस्जिद के अग्रभाग पर प्रकाश और रोशनी की व्यवस्था की जा रही है। शहर के 10 दरवाजों को संवारने का कार्य शुरू गया है। इसमें 96 लाख की लागत से अटल बंध, चांदपोल, अनाह गेट, कुम्हेर गेट, मथुरा गेट, केतन गेट, गोवर्धन गेट, सूरजपोल गेट, नीमदा गेट एवं बी-नारायण गेट को संवारा जाएगा। दरवाजों के फ्रेम, मोटिफ, आर्किट्रावे, छज्जा सुधार और रोशनी की जाएगी।
नेहरू पार्क का पुनर्विकास
योजाना के तहत 1.71 करोड़की लागत से किला स्थित नेहरू पार्क के संरक्षण एवं पुनर्विकास का कार्य शुरू करा दिया गया है। पार्क की चाहरदीवारी और घड़ी का जीर्णोद्धार किया जाएगा। फाउंटेन लगाए जाएंगे। पर्यटकों के लिए बैंच एवं बच्चों के लिए झूले लगाए जाएंगे। वहीं शहर के टाउन हॉल परिसर को 6.96 करोड़ रुपये की लागत से संवारा जा रहा है। सेवर स्थित बृजेंद्र बिहारी कुंड का विकास 6.44 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है।
शहर के मंदिर, मस्जिद, कुंड, पार्क, टाउन हॉल परिसर एवं दरवाजों आदि का सरंक्षण किया जा रहा है। उनके जीर्णोद्धार एवं पुनर्विकास के कार्य शुरू कराए गए हैं। इन पर रोशनी और पर्यटकों की दृष्टि से अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। इन विकास कार्यों पर 28. 41 करोड़ रुपये लागत आएगी।
-राजुल शर्मा, एक्सईएन आरयूआईडीपी