भरतपुर। एसओजी (विशेष संचालन समूह) की टीम ने बृहस्पतिवार को जेईएन (सहायक अभियंता) पेपर लीक मामले में प्रदेश में कई जगह सर्च अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
एसओजी टीम ने पेपर लीक मामले के मुख्य आरोपी हर्षवर्धन कुमार मीणा के उच्चैन तहसील के गांव मिलकपुर स्थित ससुराल में स्थानीय पुलिस की मदद से सर्च अभियान चलाया। टीम महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने साथ जयपुर ले गई। टीम आरोपी के आवास से क्या दस्तावेज ले गई है इसका खुलासा नहीं किया गया है।
एसओजी के डीएसपी शिवकुमार भारद्वाज ने बताया एटीएस और एसओजी के एडिशनल डीजी वीके सिंह के निर्देश पर मामले में पकडे गए दो आरोपियों के आवास पर एक साथ दबिश दी गई। इसके लिए पहले अदालत से सर्च वारंट लिया गया। इसके बाद एक टीम आरोपी के ससुराल मिलकपुर पहुंची । यहां कोई नहीं मिला। पूछताछ में पता चला कि हर्षवर्धन के ससुरालीजन शहर की जसवंत नगर कॉलोनी में रहते है।
इसके बाद टीम भरतपुर स्थित जसवंत नगर कॉलोनी पहुंची। यहां से हर्षवर्धन के साले मनोज कुमार मीणा को अपने साथ लेकर टीम मिलकपुर गांव पहुंची। इसके बाद टीम द्वारा घर में तलाशी ली गई। एसओजी टीम को कुछ आपत्तिजनक कागजात मिले, जिन्हें जब्त कर अपने साथ जयपुर ले गई।
गौरतलब है कि प्रदेशभर में एसओजी की ओर से पेपर लीक मामले में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके तहत मामले में अब तक कई आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। संदिग्ध लोगों की सूची तैयार की गई है। इसी सूची और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर एसओजी प्रदेश में संभावित ठिकानों पर लगातार कार्रवाई कर रही है।