भरतपुर। नगर के मथुरा गेट थाना क्षेत्र में स्केटिंग के नेशनल खिलाड़ी ने शराब पार्टी के लिए 500 रुपये नहीं दिए तो उसे पीटा गया। हमले में खिलाड़ी के बाएं पैर में फ्रैक्चर हो गया। पीड़ित ने मथुरा गेट थाने में मामला दर्ज कराया है।
भरतपुर के घेर नसवरिया गंगा मंदिर निवासी धर्मेंद्र सिंह के पुत्र भव्य चौधरी नेशनल स्केटिंग प्लेयर हैं। उन्होंने स्टेट लेवल पर गोल्ड मेडल जीता है और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी पदक जीते हैं। दो माह बाद उन्हें नेपाल में प्रतियोगिता में भाग लेने जाना था। शुक्रवार शाम को जब भव्य बहन को स्कूटी से लेने जा रहे थे रास्ते में कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने भव्य से 500 रुपये की मांग की। मना करने पर युवकों ने भव्य को जमीन पर गिराकर पीटना शुरू कर दिया। लोहे की रॉड के वार से पैर में टूट गया। इसके बाद वे उसे घसीटकर एक घर में ले गए, जहां लात-घूंसों से मारपीट की गई। आरोपियों ने भव्य की स्कूटी तोड़ दी और फोन, चेन व पर्स भी छीन लिया।
राहगीरों ने भव्य के परिवार को सूचित किया। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल भव्य को जिला आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। सीओ सिटी पंकज यादव ने बताया कि मोरी चार बाग इलाके में कुछ लोगों ने भव्य से मारपीट की। मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।