राजस्थान समेत पांच राज्यों में होने वाले चुनाव को लेकर तारीखों का एलान हो गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के अनुसार राजस्थान में 23 नवंबर का दिन मतदान के लिए तय हुआ है। इसके बाद 3 दिसंबर को रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा। विधानसभा चुनावों के एलान होते ही बीजेपी ने राजस्थान की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में 41 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की गई है। सात सांसदों को विधानसभा चुनाव लड़ने की जिम्मेदारी मिली है तो वहीं कुछ के टिकट कटने से बगावती तेवर देखने को मिल रहे हैं।
भरतपुर की नगर विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधानसभा का चुनाव जीत चुकीं पूर्व विधायक अनिता सिंह गुर्जर (Anita Singh Gurjar) ने BJP के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अनिता गुर्जर ने अपनी बगावत का सारा गुस्सा फेसबुक पोस्ट पर निकाला। अनिता ने आधिकारिक फेसबुक पेज से उन्होंने एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि- 'नगर विधानसभा से मेरा भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर पूरे विधान सभा से हजारों की संख्या में फोन आ रहे हैं कि मुझे चुनाव लड़ना चाहिए। मैं आपकी भावनाओं का सम्मान करती हूं। अभी जयपुर हूं। कल शाम को आप सभी के बीच उपस्थित रहूंगी। आपसे बात करूंगी और अपने मन की बात आप सब के बीच रखूंगी। फिर भी आप जो कहेंगे, आपके आदेश सर आंखों पर।'
अनिता ने आगे लिखा- 'क्या मान कर मुझे भाजपा ने अपने से दूर किया है? और ऐसे को टिकट दिया है, जिसकी जमानत जब्त होगी और जो पिछले चुनाव में कामा सीट से 50,000 से ज्यादा वोटों ये हार गया था। उन्होंने कहा कि 'हमने नगर कांग्रेस के कुशासन और भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण के खिलाफ पिछले 5 सालों से लगातार आंदोलनों और यात्राओं के जरिए जनता की आवाज बुलंद की है. अब आगामी 40 दिनों में इस लय को और अधिक धार देते हुए जनता के बीच परिवर्तन की लहर इतनी प्रचंड बनाइए कि तुष्टीकरण नाम की बीमारी जड़ से खत्म हो जाए।'
जवाहर सिंह बेडम उम्मीदवार घोषित
बता दें कि इस बार टिकट गंवाकर बगावत में उतरीं अनिता सिंह गुर्जर वर्ष 2008 और 2013 में विधायक रही हैं। 1996 में वो जिला प्रमुख भी रही हैं। इस बार उनकी जगह भाजपा ने भरतपुर की नगर विधानसभा क्षेत्र से जवाहर सिंह बेडम को उम्मीदवार घोषित किया है। जवाहर सिंह बेडम भाजपा सरकार में मंत्री रह चुके हैं। वहीं, भरतपुर जिले की दूसरी विधानसभा सीट, यानी वैर भुसावर क्षेत्र से बहादुर सिंह कोली को टिकट दिया गया है। कोली भी पूर्व सांसद रहे हैं।