तनाव के बीच 200 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के भरतपुर जिले के वैर क्षेत्र में पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की मौत के बाद तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। रायपुर और भोंडा गांव में स्टोन क्रेशर और माइनिंग लीज के संचालन को लेकर दो पक्षों के बीच हुए हिंसक संघर्ष के बाद शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 200 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और हालात को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। विवाद के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए बयाना के पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना को पहले वैर उपजिला अस्पताल ले जाया गया था। हालत गंभीर होने पर उन्हें जयपुर रेफर किया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
माइनिंग लीज के संचालन को लेकर चल रहा था विवाद
जानकारी के अनुसार, विवाद पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की पत्नी कमलेश भड़ाना की माइनिंग लीज के संचालन से जुड़ा बताया जा रहा है। ग्रामीण इस लीज के विरोध में पिछले साल से लगातार धरना दे रहे थे। इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ था। बताया जा रहा है कि इसी विवाद ने आखिरकार हिंसक संघर्ष का रूप ले लिया।
मारपीट और फायरिंग से मचा हड़कंप
विवाद के दौरान दोनों पक्षों की ओर से फायरिंग और मारपीट होने की जानकारी सामने आई है। इसी दौरान पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना पर जानलेवा हमला किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भरतपुर पुलिस मुख्यालय से भी अतिरिक्त पुलिस बल रवाना किया गया।
तनाव के बीच सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
अतर सिंह भड़ाना की मौत के बाद रायपुर और भोंडा गांव सहित आसपास के क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 200 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर रख रहे हैं। पुलिस का प्रयास है कि क्षेत्र में किसी भी अप्रिय घटना को रोका जाए और हालात नियंत्रण में रहें।
घायल सिक्योरिटी गार्ड गगन शर्मा ने बताया कि घटना के समय सभी लोग खाना खा रहे थे और एक-दूसरे को खाना परोस रहे थे। इसी दौरान अचानक कुछ लोग पहाड़ी पर आए और आते ही लाइट काट दी, जिससे चारों ओर अंधेरा छा गया। गगन शर्मा के मुताबिक, इसके बाद क्या हुआ, उन्हें कुछ पता नहीं चला। उनके सिर पर किसी चीज से वार किया गया, जिससे वह बेहोश हो गए। इसके बाद उन्हें होश नहीं रहा।