भरतपुर। उच्चैन पंचायत समिति के गांव सैदपुरा में बृहस्पतिवार को उस वक्त हंगामा हो गया, जब सांसद रंजीता कोली के सुरक्षाकर्मी ने भाजपा के प्रदेश मंत्री गिरधारी तिवारी को धक्का मार दिया। बाद में सांसद ने दोनों के बीच राजीनामा करवाकर मामला शांत किया।
विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान गांव सैदपुरा में रथ की पूजा के लिए जब गिरधारी तिवारी रथ की तरफ बढ़े तभी वहां मौजूद सांसद रंजीता कोली के सुरक्षा कर्मी ने उन्हें धक्का दे दिया। इसके बाद सुरक्षाकर्मी और गिरधारी तिवारी के बीच कहासुनी होने लगी। यह देख मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ एकत्रित हो गई। इसके बाद तिवारी और उनके समर्थकों की सुरक्षाकर्मी से जमकर कहासुनी हुई। इस दौरान सांसद रंजीता कोली वहीं खड़ी थीं।
मामला बिगड़ता देखकर उन्होंने सुरक्षाकर्मी को वहां से हटाया और कार्यक्रम खत्म होने के बाद सुरक्षाकर्मी और गिरधारी तिवारी के बीच राजीनामा करवाया। उधर, जानकारी मिलते ही गहनौली मोड़ थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। गौरतलब है कि भरतपुर सांसद रंजीता कोली को वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है। इसलिए उनकी सुरक्षा में सीआईएसएफ के जवान तैनात हैं।