भरतपुर। नासिर-जुनैद हत्याकांड के आरोपी मोनू मानेसर के मामले में तेजी से नए वीडियो वायरल हो रहे हैं। इनमें मोनू मानेसर कुख्यात गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई से एक वीडियो में बातचीत करते दिख रहा है। मोनू मानेसर गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई के गैंग में शामिल होना चाहता था।
इस वायरल वीडियो में मोनू मानेसर और लारेंस बिश्नोई एक-दूसरे से हंसी-मजाक करते हुए दिख रहे हैं। वायरल हुआ वीडियो 38 सैकेंड का है। विदित हो मोनू मानेसर ने दो माह पूर्व थाइलैंड में फरारी काटी थी। वहां वह करीब एक सप्ताह तक बैंकॉक में रुका था। सात दिन की फरारी में मोनू मानेसर अय्याशी करते दिख रहा है। सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है उसकी अभी तक पुलिस की ओर से आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है। उधर सुरक्षा कारणों से मोनू मानेसर को सेवर जेल में शिफ्ट कर दिया गया है।
यह था घटनाक्रम
गौरतलब है कि 14-15 फरवरी की रात आरोपियों ने नासिर और जुनैद का अपहरण कर पिटाई की। दोनों को लेकर भिवानी पहुंचे। यहां नासिर की गला दबाकर हत्या की। जबकि जुनैद की फिरोजपुर झिरका में पिटाई के दौरान मौत हो चुकी थी। दोनों शवों को गाड़ी में रखकर, पेट्रोल छिड़ककर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से जला दिए। संवाद