धौलपुर। जिला पुलिस ने मथुरा के रिंकू अग्रवाल हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी पवन को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने टैक्सी के भाड़े के विवाद में रिंकू की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद शव को कार में लाकर मनियां थाना इलाके में सड़क किनारे एक खेत में रखे सरसों के ईंधन में पेट्रोल डालकर जला दिया। पुलिस को हत्याकांड में शामिल एक अन्य आरोपी उस्मान की तलाश है।
एसपी सुमित मेहरडा ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर मनियां थाना पुलिस ने 05 जून की सुबह मनियां-मरैना मार्ग पर परसौंदा के अड्डा के पास सड़क किनारे खेत में एक व्यक्ति की अधजली लाश बरामद की थी। करीब 25-30 साल के युवक की अधजली लाश की घटना स्थल के आसपास पहचान कराई, परंतु पहचान नहीं हो सकी। इस संबंध में मनियां थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या तथा साक्ष्य नष्ट करने के तहत मामला दर्ज कर पड़ताल शुरू की।
पुलिस की जांच के दौरान आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव मांगरोल में एक कार नंबर यूपी-85 सीसी, 4719 की संदिग्ध हालात में मिली। कार का रिकाॅर्ड प्राप्त किया तो वह पवन पुत्र भगवान सिंह निवासी अल्लेपुर, थाना जैंत, जिला मथुरा यूपी के नाम पाई गई। टीम द्वारा मथुरा पहुंचकर थानों पर मृतक की शिनाख्तगी के संबंध में पड़ताल शुरू की। इस दौरान जिले के थाना जैंत पर 07 जून को रिंकू अग्रवाल निवासी मथुरा की गुमशुदगी दर्ज होना पाया गया। थाने में दर्ज रिकाॅर्ड में मिले मोबाइल नंबर पर संपर्क कर फोटोग्राफ भेजे गए।
इस पर मृतक की पहचान सरोज अग्रवाल ने अपने पुत्र रिंकू के रूप में की। सरोज देवी ने पवन व उस्मान द्वारा हत्या करने की शंका जाहिर की। एसपी ने बताया कि इसके बाद पुलिस टीम उस्मान के किराए के मकान कुंज नगर मथुरा पहुंची। जानकारी मिली कि 05 जून को दोपहर करीब एक बजे वह कार से बच्चों को लेकर कहीं गया है। टोल रिकाॅर्ड, तकनीकी साक्ष्य के आधार पर तथ्य सामने आए कि पवन एवं उस्मान ने गाड़ी के भाड़े की रंजिश को लेकर मथुरा में 04 जून को गोली मारकर रिंकू की हत्या कर दी थी।
इसके बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को कार में रखकर 4-5 जून 2024 की रात्रि को मनियां थाना इलाके के मरैना रोड परसौंदा के अड्डा के पास सड़क किनारे रखे खेत में पेट्रोल डाल जलाया और भाग गए। पुलिस ने आरोपी पवन पुत्र भगवान सिंह निवासी गांव अल्लेपुर, छटीकरा के पास थाना जैंत, मथुरा को घटना में प्रयुक्त कार सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस उसके साथी उस्मान तथा वारदात में प्रयुक्त तमंचे के संबंध में गहनता से पूछताछ कर रही है।