जाम लगाकर विरोध करते अधिवक्ता।
- फोटो : जाम लगाकर विरोध करते अधिवक्ता।
भरतपुर। जिला न्यायालय परिसर में शुक्रवार को दोहरे हत्याकांड के आरोपी ने अपर लोक अभियोजक भगत सिंह सूरोता (शासकीय अधिवक्ता) पर पिस्टल तानकर धमकी दी। कहा, मामले में मजबूत पैरवी की तो जान से मार दूंगा और तुम्हारी तस्वीर पर माला चढ़ जाएगी। घटना की जानकारी मिलते ही अधिवक्ता नाराज हो उठे ओर कोर्ट के बाहर सड़क पर जाम लगा दिया। पुलिस ने स्थिति संभाली और जाम खुलवाया। वहीं वकीलों ने एसपी को आरोपी की गिरफ्तारी की मांग का ज्ञापन भी दिया।
अपर लोक अभियोजक भगत सिंह ने बताया कि न्यायालय एडीजे संख्या दो में लंबित प्रकरण सरकार बनाम लक्ष्मण सिंह आदि कि शुक्रवार को पेशी के लिए वे पत्रावली का अवलोकन कर रहे थे। इसी दौरान प्रकरण के आरोपी दिलावर व उसके चार-पांच साथियों ने उन्हें घेर लिया। दिलावर ने मुझ पर पिस्टल तानते हुए कहा कि इस प्रकरण में मजबूत पेशी की तो जान से मार दूंगा। पहले 2 हत्या कर रखी है। तीसरी हत्या तुम्हारी करनी पड़ेगी। मेरे शोर मचाने पर अधिवक्ताओं ने बचाया। इसी बीच आरोपी न्यायालय परिसर से फरार हो गए। वहीं घटना के बाद वकीलों ने कोर्ट परिसर के बाहर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही मथुरा गेट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और वकीलों समझाइश कर जाम को खुलवाया।
गिरफ्तारी से बचने के लिए छत से कूदा आरोपी गिरकर घायल
पुलिस के अनुसार, धमकी देने के आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम पुलिस फतेहपुर सीकरी पहुंची। सख्ती से पूछताछ में पता चला कि आरोपी एक घर में छिपा है। बताए घर पर टीम पहुंची तो आरोपी ने छत से कूदकर भागने की कोशिश की। इस दौरान उसके दोनों घुटनों में चोट लग गई। ऐसे में वह भागने हुए कुछ दूर जाकर गिर गया। आरबीएम अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया है। आरोपी दिलावर को घटना के महज दो घंटे के अंदर ही उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के फतेहपुर सीकरी से पकड़ लिया गया।