धौलपुर। पुलिस ने रविवार को 10 हजार के इनामी बदमाश हनुमान दास गुर्जर को गिरफ्तार किया है। बदमाश पर साथियों के साथ में धौलपुर भाजपा कार्यालय के बाहर फायरिंग करने का आरोप है। आरोपी बीते दस माह से फरार चल रहा था। आज मनियां, दिहौली एवं सदर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया।
जिला पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरडा ने बताया कि धौलपुर के थाना दिहौली के सामौर निवासी बदमाश हनुमान दास गुर्जर वर्तमान में मध्य प्रदेश के मुरैना के थाना दिमनी स्थित महखेड़ा में रह रहा था। बदमाश ने अपने साथियों के साथ 07 अप्रैल 2024 को भाजपा कार्यालय के बाहर फायरिंग की थी। इस संबंध में थाना कोतवाली पर प्रकरण दर्ज है। मामले में वह फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक की ओर से 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
एसपी ने बताया कि बदमाश डकैत लुक्का के गैंग का सक्रिय सदस्य है। बीते साल 09 मई को गैंग के गांव जुगईपुरा के बीहड़ में सिद्ध बाबा मंदिर के पास छिपे होने की सूचना मिली थी। थानाधिकारी दिहौली व डीएसटी टीम मौके पर पहुंचे तो बदमाश पुलिस पर फायरिंग कर भाग गए थे। रविवार को पुलिस को सूचना मिली की हनुमान दास गुर्जर गांव शेखपुर-मढि़यापुरा के पास छिपा हुआ है। पुलिस ने दबिश देकर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया।