भरतपुर में देर रात को भाजपा कार्यकर्ता और उसके साथियों ने एक सरस बूथ संचालक के साथ मारपीट कर दी। सरस बूथ मालिक ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस की टीम गाड़ियों ने बीजेपी कार्यकर्ता की स्कॉर्पियो गाड़ी का पीछा किया तो, बीजेपी कार्यकर्ता ने अपनी स्कॉर्पियो एक मकान में घुसा दी। टक्कर से मकान का गेट टूट गया। उसके बाद पुलिस ने बीजेपी कार्यकर्ता और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया।
पीड़ित सरस बूथ संचालक सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि हमारा केवलादेव घना पक्षी विहार के पास सरस बूथ है। रात करीब 10 बजकर 30 मिनट पर हमारे बूथ पर एक स्कॉर्पियो आई। स्कॉर्पियो में 4 बदमाश सवार थे। उसमें धम्मू नाम का युवक मेरे पास आया और मुझे गालियां देते हुए मेरा मोबाइल छीना और मेरे से सिगरेट मांगने लगा। तब मैंने उससे कहा यह सरस का बूथ है मैं सिगरेट नहीं बेचता। तब वह मेरे बूथ की तलाशी लेने लगे। उन्होंने मेरे बूथ का सारा सामान फैला दिया। फिर वह कहने लगे कहीं से भी हमें सिगरेट लाकर दे।
इतने में स्कॉर्पियो से एक और युवक उतर आया। उसके हाथ में कट्टा था। उन्होंने मेरे गल्ले में हाथ डाला और 8 हजार 7 सौ रुपये निकाल लिए, जिसके बाद उन्होंने मेरे साथ लात, घूसों और डंडों से मारपीट की। फिर वह धमकी देने लगे कि हम आज के बाद कभी भी तेरे से सामान लेंगे तो हम पैसे नहीं देंगे।
तभी मैंने अपने बेटे मोहन तिवारी को पुलिस चौकी पर भेजा ।तुरंत सारस चौकी से पुलिसकर्मी मेरे बूथ पर आये। स्कॉर्पियो में सवार बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर भी गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की, जिसके बाद और भी पुलिस की गाड़ियां आ गईं। सारस चौकी पर हेड कांस्टेबल अनिल कुमार ने तत्काल कंट्रोल रूम को इसकी जानकारी दी। तब बदमाश स्कॉर्पियो में बैठकर भाग गए। पुलिस की गाड़ियों ने उनका पीछा किया। बदमाशों ने स्कॉर्पियो को आईजी ऑफिस के पीछे होते हुए जवाहर नगर कॉलोनी में घुसा दी। इस दौरान बदमाशों ने एक व्यक्ति का मकान भी तोड़ दिया।
एड़वोकेड नरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि रात 11 बजे एक स्कॉर्पियो गाड़ी आई और उसने हमारे घर के गेट में जोरदार टक्कर मारी। स्कॉर्पियो गाड़ी का पुलिस की जीप पीछा कर रहीं थी। शोर सुनकर हम लोग अपने घरों से बाहर आ गए। तब एक स्कॉर्पियो हमारे गेट पर फंसी पड़ी थी और पुलिस ने चारों तरफ से घेर लिया उसके बाद अंदर बैठे दो लोगों को बाहर निकाला। उन्होंने शराब पी रखी थी।
पुलिस ने बीजेपी कार्यकर्ता और उसके साथी को किया गिरफ्तार किया। मथुरा गेट थाना अधिकारी करण सिंह राठौड़ ने बताया कि केवलादेव घना पक्षी विहार के पास एक दूकानदार है। राजवेंद्र उर्फ़ धम्मू और शुभम अजान ने दूकानदार से सिगरेट मांगी। दूकानदार के पास सिगरेट नहीं थी। तब उन्होंने दुकानदार के साथ मारपीट की जब पुलिस मौके पर पहुंची तो, यह वहां से भाग गए। शराब के नशे में होने के कारण उन्होंने एक मकान में टक्कर मार दी। वहां से उन्हें पुलिस पकड़ लाई।
बीजेपी युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सौरभ ताखा ने बताया कि राजवेंद्र उर्फ़ धम्मू निवासी महुआ सींपीनि हाल निवासी एसपी ऑफिस के पीछे बीजेपी यूथ मोर्चा में जिला उपाध्यक्ष और जिला महामंत्री रह चुके हैं। हाल ही में उनके पास कोई पद नहीं है। वह सिर्फ एक बीजेपी कार्यकर्ता हैं।