भरतपुर में से होकर गुजरने वाले नदबई-आगरा जयपुर नेशनल हाइवे पर डहरा मोड समीप शनिवार को सेना के ट्रक और ट्रैक्टर में हुई भिड़ंत में गंभीर रूप से घायल हुए ट्रैक्टर ड्राइवर की इलाज के दौरान मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल ट्रैक्टर ड्राइवर का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा था। जहां ट्रैक्टर ड्राइवर गांव झारकई निवासी गुड्डू (33) पुत्र चंदन ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए नदबई सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया और परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
सहायक उप निरीक्षक रामसहाय ने बताया कि शनिवार को गांव झारकई निवासी गुड्डू (33) पुत्र चंदन गांव जघीना में कड़बी की कुट्टी को खोलकर वापस अपने गांव लौट रहा था। जहां आगरा-जयपुर नेशनल हाइवे पर डहरा मोड समीप सेना के ट्रक और ट्रैक्टर में भिड़ंत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे में सेना का एक जवान नामदेव और ट्रैक्टर ड्राइवर गुड्डू घायल हो गए।
जहां एंबुलेंस की सहायता से सेना के जवान को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, ट्रैक्टर ड्राइवर गुड्डू को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। ट्रैक्टर ड्राइवर गुड्डू की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नदबई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में पोस्टमॉर्टम के लिए रखवाया। जहां परिजनों की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।