मोतीमहल झंडा विवाद में देर रात नया मोड़ सामने आया। रविवार रात एक कार में सवार तीन युवक मोतीमहल पहुंचे और मुख्य सदर गेट तोड़कर रियासतकालीन झंडा लगाने की कोशिश की। जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची, आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घटना के दौरान युवकों ने महल में प्रवेश करते समय वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर लाइव भी किया, जो अब वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि इनमें से एक युवक की पहचान मनुदेव सिनसिनी के रूप में हुई है।
ये भी पढ़ें: Jaipur News: फर्जी कंपनियां खोलकर निवेशकों संग 50 करोड़ की ठगी का भंडाफोड़, SOG ने तीन आरोपी किए गिरफ्तार
सूत्रों के अनुसार दिनभर महल पर पुलिस का कड़ा पहरा रहा लेकिन रात में सुरक्षा हटते ही युवक मौके पर पहुंच गए। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी।
गौरतलब है कि मोतीमहल में रियासतकालीन झंडा हटाने और राष्ट्रीय ध्वज लगाने को लेकर भरतपुर में पिछले कई दिनों से तनाव का माहौल है, जिसके चलते दिन में महल पुलिस छावनी में तब्दील रहता है। कल देर रात हुई इस घटना ने विवाद को और भी तूल दे दिया है।