भरतपुर जिले के नदबई विधानसभा के पूर्व विधायक जोगिंदर सिंह अवाना पर फिर से धोखाधड़ी का एक और मामला दर्ज हो गया है। व्यक्ति ने पूर्व विधायक पर आरोप लगाया है कि उन्होंने सचिवालय में नौकरी लगवाने के नाम पर मेरे से 6 लाख रुपये की ठगी कि नौकरी नहीं लगने पर जब पूर्व विधायक से पैसे मांगे तो उन्होंने व्यक्ति को जान मारने की धमकी दी।
महेश गुर्जर निवासी डेहरा थाना लखनपुर ने मामला दर्ज करवाते हुए बताया कि नदबई के पूर्व विधायक जोगिंदर सिंह अवाना की खान बंशी पहाड़पुर थाना रुदावल में स्थित थी। उनकी खान पर मैं मुनीम का काम करता था, खनन के कार्यों की देखरेख भी मैं खुद करता था, मेरे रिश्तेदार बसंता, रमन, मुरारी निवासी नगला खार थाना रुदावल भी यहीं काम करते थे। उस लीज में साझेदारी के लिए रमन, बसंता और मुरारी से 10 लाख रुपये लेने की बात तय हुई। साझेदारी के लिए पूर्व विधायक जोगिंदर अवाना को 10 लाख रुपये दे दिए गए।
इसके बाद पूर्व विधायक ने पीड़ित से कहा कि वे उसे सचिवालय में चतुर्थ श्रेणी में नौकरी दिलवा देंगे, इसके लिए उन्होंने 10 लाख रुपयों की मांग की। पूर्व विधायक की इस बात पर महेश गुर्जर ने सचिवालय में नौकरी के लिए फॉर्म भर दिया और 6 लाख रुपये जोगिंदर सिंह अवाना को दे दिए और 4 लाख रुपये नौकरी लगने के बाद देना तय हुआ। 2 साल तक अवाना के यहां लीज पर काम करने के बाद भी महेश को 22 महीने तक तनख्वाह नहीं दी। महेश ने जब जोगिंदर सिंह अवाना से पैसे मांगे तो वह टालमटोल करते रहे। बार-बार पैसे मांगने पर उन्होंने महेश के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उसे झूठे मुकदमे में फंसाकर जान से मारने की धमकी दी।
गौरतलब है कि नदबई के पूर्व विधायक जोगिंदर सिंह अवाना के खिलाफ अभी तक 4 मामले दर्ज हो चुके हैं, जिसमें 18 अगस्त 2024 को उच्चैन थाने में राहुलवीर ने जमीन हड़पने का मामला दर्ज करवाया था। इसके बाद 29 फरवरी 2024 को कुंवर सिंह ने तबादलों का झांसा देकर नदबई थाने में 35 लाख रुपये हड़पने का मामला दर्ज करवाया। अतर सिंह ने 8 जुलाई 2024 को उच्चैन थाने में मामला दर्ज कवाते हुए बताया कि पूर्व विधायक ने मेरी बेटियों को रीट में पास करवाने के 10 लाख हड़प लिए। बहरहाल पूर्व विधायक पर दर्ज कराए गए मामले की जांच की जा रही है।