भुसावर पीएनबी शाखा में घूसकांड
- फोटो : अमर उजाला
भरतपुर जिले के कस्बा भुसावर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में एंटी करप्शन ब्यूरो चौकी भरतपुर इकाई ने रिश्वतखोरी के एक मामले का खुलासा किया है। कार्रवाई में बैंक के एग्रीकल्चर मैनेजर भगवत प्रसाद सैनी और उसके रिश्तेदार सोमेन्द्र कुमार सैनी को ₹1 लाख 50 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई के बाद बैंक परिसर और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई।
लोन पास कराने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित सिंह, एसीबी ने बताया कि ब्यूरो को एक शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसमें परिवादी ने आरोप लगाया था कि उसने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्योग उन्नयन योजना के तहत पीएनबी शाखा भुसावर में लोन के लिए आवेदन किया था। शिकायत के अनुसार, लोन स्वीकृत करने की एवज में एग्रीकल्चर मैनेजर भगवत प्रसाद सैनी द्वारा ₹1.50 लाख की रिश्वत की मांग की जा रही थी और परिवादी को बार-बार परेशान किया जा रहा था।
सत्यापन के बाद रची गई ट्रैप कार्रवाई
शिकायत की प्राथमिक जांच और सत्यापन के बाद एसीबी रेंज भरतपुर के उप महानिरीक्षक पुलिस राजेश सिंह के सुपरविजन में ट्रैप कार्रवाई की गई। योजना के तहत परिवादी को आरोपियों के पास भेजा गया। इस दौरान आरोपी बैंक के बाहर सड़क पर रिश्वत की राशि लेते हुए पकड़े गए।
यह भी पढ़ें- Baran News: धार्मिक भावनाएं भड़काने की पोस्ट का मामला, एसडीपीआई अध्यक्ष गिरफ्तार; पुलिस पूछताछ जारी
रिश्वत की राशि बरामद, पूछताछ जारी
एसीबी की टीम ने दोनों आरोपियों के कब्जे से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली है। गिरफ्तारी के बाद दोनों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
भ्रष्टाचार पर सख्त रुख
एसीबी अधिकारियों ने कहा है कि सरकारी योजनाओं और बैंकिंग से जुड़े कार्यों में भ्रष्टाचार किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा। आम जनता से जुड़ी योजनाओं में रिश्वतखोरी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।