भरतपुर। जिले के भुसावर एसडीएम कार्यालय के सहायक कर्मचारी को बृहस्पतिवार को एक परिवादी से 11 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में भरतपुर एसीबी टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी कर्मचारी ने परिवादी से विवादित भूमि पर स्टे लगवाने की एवज में रिश्वत मांगी थी। एसीबी टीम मामले में एक अधिवक्ता से भी पूछताछ कर रही है। जबकि एक अन्य आरोपी कर्मचारी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
एसीबी भरतपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित सिंह ने बताया कि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की भरतपुर इकाई को परिवादी द्वारा शिकायत की गई थी। बताया कि उसकी विवादित भूमि पर स्टे लगवाने की एवज में एसडीएम भुसावर कार्यालय के सहायक कर्मचारी सुरेश चंद्र एवं जसमत द्वारा 11 हजार रुपये की रिश्वत मांगकर परेशान किया जा रहा है। शिकायत का सत्यापन किया गया।
बृहस्पतिवार शाम भुसावर एसडीएम कार्यालय में एसीबी टीम ने आरोपी कर्मचारी सुरेश चंद्र को परिवादी से 11 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कर्मचारी ने परिवादी से रिश्वत लेकर अधिवक्ता चंद्रशेखर को 5 हजार रुपये दिए थे, जो मौके से बरामद कर लिए गए। इस संबंध में अधिवक्ता से भी पूछताछ की जा रही है। वहीं एसीबी की कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी कर्मचारी जसवंत मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। एसीबी के उपमहानिरीक्षक कालूराम रावत ने निर्देशन में आरोपी सुरेश से पूछता जारी है। मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है।