भरतपुर। बयाना उपखंड के गांव ब्रह्मबाद में रविवार को मोबाइल फोन पर अधिक बात करने को लेकर दंपती में झगड़ा गया। आरोप है गुस्साए पति ने पत्नी का सिर बेड के कोने पर दे मारा। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। रुदावल थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और पति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। फरीदाबाद के रामनगर में रहने वाले मायके पक्ष को बुलवाया गया है। उनके आने पर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
मौके पर मौजूद रुदावल थाने के एएसआई भरत लाल ने बताया रविवार सुबह करीब 11 बजे नरेंद्र और उसकी पत्नी रेणु (30 वर्ष) के बीच मोबाइल पर ज्यादा बातचीत करने को लेकर झगड़ा हो गया था। नरेंद्र को आशंका थी कि उसकी पत्नी रेणु का ममेरी बहन के पति से प्रेम प्रसंग चल रहा है। झगड़े में दोनों ने एक-दूसरे के मोबाइल फोन भी तोड़ दिए।
गुस्से में नरेंद्र ने पत्नी का सिर बेड के कोने पर दे मारा। घायल रेणु को जेठ टीकम ने अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। नरेंद्र और रेणु की करीब 5 साल पहले शादी हुई थी। पति का आरोप है शादी के बाद से ही पत्नी अधिकतर पीहर में रहती थी। दो बार अपनी मां के कहने पर फरीदाबाद में गर्भपात भी कराया था। पुलिस ने मृतका के शव को सीएचसी की मोर्चरी में रखवा दिया है। रुपबास सीओ श्वेता पाठक भी अस्पताल पहुंचीं और घटना की जानकारी ली।