भरतपुर। सेवर थाना क्षेत्र में आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित रेलवे ओवरब्रिज के पास रविवार तड़के तीन बजे एक ट्रेलर में अनियंत्रित एम्बुलेंस जा घुसी। हादसे में एंबुलेंस चालक की मौत हो गई। सेवर थाना पुलिस ने ट्रेलर को अपने कब्जे में ले लिया, चालक के शव को पोस्टमार्टम के बाद रविवार परिजन को सौंप दिया है।
सेवर थाना पुलिस के मुख्य आरक्षी हेमंत के मुताबिक नगला धनसौटा निवासी 35 वर्षीय अनिल कुमार एम्बुलेंस लेकर जयपुर से भरतपुर आ रहा था। रेलवे ओवरब्रिज पर चढ़ते समय सामने चल रहे ट्रेलर ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे एंबुलेंस अनियंत्रित होकर ट्रेलर में जा घुसी।
इससे अनिल कुमार के गंभीर चोटें आईं, उसे जिला आरबीएम अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक ट्रेलर को छोड़ कर फरार हो गया। ट्रेलर में ऑयल संबंधी सामान भरा हुआ है। पिता रमेश ने सेवर थाना पुलिस में ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। उन्होंने बताया अनिल कुमार निजी एंबुलेंस चलाता है। वह विवाहित था और उसके दो बच्चे भी हैं।