भरतपुर। राजस्थान लोकसेवा आयोग द्वारा 21 जनवरी को सूचना सहायक की सीधी भर्ती के लिए प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। 29 परीक्षा केंद्रों पर 7 हजार 926 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इनमें 7 राजकीय तथा 22 प्राइवेट स्कूल हैं।
बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी लोकबंधु एवं जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक के दौरान परीक्षा को लेकर आवश्यक निर्देश प्रदान किए। डीएम ने बताया कि परीक्षा के दौरान केंद्रों के आसपास इंटरनेट और वाईफाई की सुविधा बंद रहेगी। परीक्षार्थी एवं कार्मिकों के अलावा किसी का प्रवेश केंद्र में पूरी तरह वर्जित रहेगा। परीक्षार्थियों को सुबह 9 बजे से पूर्व केंद्र में प्रवेश करना होगा। ठीक 9 बजे केंद्र के द्वार बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षार्थियों को आयोग द्वारा जारी प्रवेश पत्र, मूल आधारकार्ड या फोटोयुक्त पहचान पत्र, पासपोर्ट साइज के रंगीन फोटो एवं नीली स्याही का पारदर्शी बॉलपेन लाना होगा।
डीएम ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग, नकल रोकने के लिए सचल दल गठित किए गए हैं। सतर्कता दल के प्रभारी एक दिन पहले भी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर लें। जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि सभी 29 परीक्षा केंद्रों पर 7926 अभ्यर्थियों की संख्या के अनुरूप ए, बी व सी श्रेणी बनाकर पुलिस जब तैनात किया जाएगा। परीक्षा के दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर रहेगी। बताया कि पेपर लीक के संबंध में बने कानून के प्रावधान बहुत सख्त हैं। नोड़ल अधिकारी एडीएम प्रशासन कमलराम मीणा ने बताया परीक्षा केंद्रों पर वीडियोग्राफी कराई जाएगी। प्रश्नपत्रों के लिफाफे खोलने से लेकर परीक्षार्थी के प्रवेश एवं बैठक की वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
जेवरात पहनकर न आएं महिला परीक्षार्थी
सर्दी के प्रकोप को देखते हुए परीक्षार्थियों को केंद्र पर नियुक्त कार्मिकों द्वारा गहनता से चेकिंग के निर्देश दिए हैं। परीक्षार्थी टोपी, मफलर, घड़ी, धूप का चश्मा, बैल्ट, हैंड बैग, हेयरपिन, गंडा, ताबीज आदि पहनकर नहीं आ सकेंगे। महिला परीक्षार्थी लाख अथवा कांच की पतली चूड़ियों के अलावा कोई जेवरात पहनकर नहीं आ सकेंगी। केंद्राधीक्षक कीपैड का मोबाइल उपयोग करेंगे। परीक्षार्थी किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रोनिक डिवाइस, ईयरफोन, स्मार्ट वॉच एवं प्रतिबंधात्मक सामग्री लेकर नहीं जाएंगे। सिख धर्म के परीक्षार्थियों को कड़ा, कृपाण एवं पगड़ी आदि वस्तुओं की अनुमति नहीं रहेगी।
आवागमन व आवास की व्यवस्था
परीक्षार्थियों के लिए राजस्थान पथ परिवहन निगम द्वारा साधारण एवं द्रुतगामी बसों में निःशुल्क परिवहन की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके लिए अतिरिक्त बसों का संचालन एवं अतिरिक्त स्टाफ की नियुक्ति की गई है। रियायती दर पर धर्मशाला, सामुदायिक भवन, आंबेडकर भवन आदि में ठहरने की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। रैन बसेरों में निशुल्क तथा होटलों में उचित दर पर ठहरने की व्यवस्था रहेगी। परीक्षा की निगरानी के लिए जिलाधिकारी कार्यालय में परीक्षा नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 05644-220320 रहेगा।