वैर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की हुई हत्या के मामले में पुलिस ने छठे आरोपी मुकेश को हिरासत में लिया है। पुलिस इस हत्याकांड में शामिल पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। शेष आरोपियों की धरपकड़ और संभावित ठिकानों पर दबिश देने के लिए गठित पुलिस की 25 टीमें राजस्थान, हरियाणा और मध्य प्रदेश में लगातार छापेमारी कर रही हैं। मामले में पूर्व विधायक की पत्नी कमलेश भड़ाना की शिकायत पर पुलिस ने 64 नामजद और लगभग 70 से 80 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
धरना-प्रदर्शन और पुराना विवाद
दर्ज प्राथमिकी में आरोपी मुकेश का नाम सबसे ऊपर अंकित है। मुकेश पूर्व विधायक की लीज को लेकर आयोजित होने वाले विभिन्न धरना-प्रदर्शनों का नेतृत्व करता था। इस दौरान उसका अतर सिंह भड़ाना और लीज पर काम करने वाले कर्मचारियों के साथ कई बार विवाद भी हुआ था।
पुलिस फिलहाल हिरासत में लिए गए मुकेश से गहन पूछताछ कर रही है। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने अभी मुकेश को मुख्य आरोपी मानने या उसकी भूमिका के संदर्भ में कोई स्पष्ट खुलासा नहीं किया है। इसके साथ ही पूर्व में गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों के संबंध में भी पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
ये भी पढ़ें: बूंदी: नरेश मीणा का बड़ा सियासी ऐलान, आप से नाता तोड़कर अब बसपा के साथ मिलकर लड़ेंगे पंचायत राज चुनाव
सीसीटीवी फुटेज से होगी पहचान
हत्याकांड की जांच में जुटी पुलिस टीम अब लीज स्थल पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर मिलने की प्रतीक्षा कर रही है। यह डीवीआर इस समय मृतक पूर्व विधायक की पत्नी कमलेश भड़ाना के पास सुरक्षित है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सीसीटीवी फुटेज प्राप्त होने के बाद ही वारदात में शामिल सभी आरोपियों की स्पष्ट पहचान हो सकेगी। राजस्थान, हरियाणा और मध्य प्रदेश में फैली 25 पुलिस टीमें अन्य सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अपने अभियान को तेजी से आगे बढ़ा रही हैं।