राजस्थान के बाड़मेर जिले में जवाहर नवोदय विद्यालय की कक्षा 6 प्रवेश परीक्षा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को होने वाली चयन परीक्षा के लिए जिले में पांच केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा की निष्पक्षता और शांतिपूर्ण संचालन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सभी केंद्रों पर निगरानी व्यवस्था मजबूत की है। जिला कलेक्टर चिन्मयी गोपाल ने संबंधित विकास अधिकारियों को पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी है।
सुबह 11:30 से दोपहर 1:30 बजे तक होगी परीक्षा
जिला कलेक्टर चिन्मयी गोपाल के अनुसार, जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 6 में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा 28 नवंबर को सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित होगी। जिले में इसके लिए पांच परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
इन पांच केंद्रों पर होंगे अभ्यर्थियों के इम्तिहान
प्रशासन की ओर से निर्धारित परीक्षा केंद्रों में सेड़वा ब्लॉक का महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय सेड़वा, बायतु ब्लॉक का महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय पुराना गांव बायतु, चौहटन ब्लॉक का राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चौहटन, फागलिया ब्लॉक का राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय फागलिया और आडेल ब्लॉक का राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आडेल शामिल हैं।
विकास अधिकारियों को सौंपी पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी
जिला कलेक्टर ने परीक्षा के सुव्यवस्थित और निष्पक्ष संचालन के लिए सेड़वा, बायतु, चौहटन, फागलिया और आडेल पंचायत समितियों के विकास अधिकारियों को संबंधित परीक्षा केंद्रों का प्रभारी पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। इन केंद्रों को संवेदनशील और अति संवेदनशील श्रेणी में रखते हुए विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है।
परीक्षा से पहले केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश
कलेक्टर ने सभी नियुक्त पर्यवेक्षकों को परीक्षा से एक दिन पहले आवंटित केंद्रों का निरीक्षण करने और जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा के दौरान पर्यवेक्षक केंद्रों का लगातार भ्रमण करेंगे और परीक्षा प्रक्रिया पर नजर रखेंगे। उन्हें समयबद्ध, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा संपन्न कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
पुलिस व्यवस्था भी रहेगी तैनात
प्रशासन ने पर्यवेक्षकों को परीक्षा संचालन से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी व्यक्तिगत रूप से जिला प्रशासन को देने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही जिला पुलिस अधीक्षक को परीक्षा के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए आवश्यक पुलिस बंदोबस्त सुनिश्चित करने को कहा गया है।