अंता विधायक प्रमोद जैन भाया तथा कांग्रेस कार्यकर्ता किसानों के मुद्दे पर प्रदर्शन करते हुए
- फोटो : अमर उजाला
बारां जिले के किसानों की समस्याओं को लेकर अंता से नव निर्वाचित विधायक एवं पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कमेटी बारां ने जिला कलेक्ट्रेट के बाहर धरना–प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इस वर्ष भारी अतिवृष्टि के चलते किसानों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गईं, लेकिन भाजपा सरकार द्वारा न तो इस वर्ष का और न पिछले वर्ष का मुआवजा अब तक दिया गया है, जबकि किसानों से प्रीमियम के नाम पर बड़ी राशि काटी जा चुकी है।
खाद, बिजली और डिपियां न मिलने से बढ़ी दिक्कतें
कांग्रेस ने किसानों के सामने खाद और बिजली से जुड़ी कमी को भी बड़ा मुद्दा बताया। ज्ञापन में कहा गया कि डीएपी और यूरिया खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। खाद लेने के दौरान किसानों को जबरन अटैचमेंट दिया जा रहा है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ रही है। बिजली विभाग द्वारा किसानों को डिपियां उपलब्ध नहीं करवाए जाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेतृत्व का कहना है कि सरकार को इन समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लेना चाहिए।
यह भी पढ़ें- Bharatpur: SIR अभियान के बढ़ते दबाव से नाराज BLO का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, जयपुर बीएलओ आत्महत्या पर भी बोले
कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन, समाधान की मांग
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने किसान समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि अतिवृष्टि से नुकसान उठाने वाले किसानों को जल्द मुआवजा दिया जाए, खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई की जाए। मौके पर जिलाध्यक्ष रामचरण मीणा, जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया, पूर्व विधायक पानाचंद मेघवाल, करणसिंह राठौड़, निर्मला सहरिया समेत कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।