नगर पालिका कर्मचारी और उसका साथी 50 हजार की रिश्वत लेते हिरासत में
- फोटो : अमर उजाला
जिले के अटरू में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर पालिका अटरू में कार्यरत संविदाकर्मी सहायक कर्मचारी अजय सिंह और उसके सहयोगी दलाल पवन को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार परिवादी ने 27 अप्रैल को मोबाइल के माध्यम से एसीबी झालावाड़ चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम लक्ष्मीपुरा स्थित प्लॉट का पट्टा बनवाने के लिए नगर पालिका में आवेदन किया गया था, जिसके बदले अजय सिंह ने 60 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने उसी दिन गोपनीय सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान आरोपी ने मोलभाव के बाद 50 हजार रुपये में सौदा तय किया और राशि अपने सहयोगी दलाल पवन को देने के लिए कहा। रिश्वत मांग की पुष्टि होने पर बुधवार को एसीबी टीम ने ट्रैप कार्रवाई की। पुलिस निरीक्षक साजिद खान के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को परिवादी से 50,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
ये भी पढ़ें: Rajasthan Police: राजस्थान पुलिस में बड़ा फेरबदल, 52 सीआई बने DSP; सात एडीजीपी को सौंपी रेंज की कमान
बताया जा रहा है कि अजय सिंह संविदाकर्मी होने के बावजूद नगर पालिका में जेईएन का कार्यभार भी संभाल रहा था। फिलहाल एसीबी द्वारा आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।