अहमदाबाद में हुए इंडियन एयरलाइंस विमान हादसे में मृत बांसवाड़ा के चिकित्सक दंपती और उनके तीन मासूम बच्चों का अंतिम संस्कार मंगलवार शाम को किया गया। डीएनए जांच और अन्य औपचारिकताओं के पूरा होने के बाद परिजनों को शव सौंपे गए, जिसके उपरांत अहमदाबाद में ही सभी का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
गौरतलब है कि 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रहे विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से बांसवाड़ा निवासी डॉ. जेपी जोशी और डॉ. अनिता जोशी के पुत्र डॉ. प्रतीक जोशी, उनकी पत्नी डॉ. कौमी, पुत्री मिराया और पुत्र नकुल व प्रद्युत की दुखद मृत्यु हो गई थी। विमान में आग लगने से अधिकांश शव बुरी तरह झुलस गए थे, जिस कारण मृतकों की शिनाख्त डीएनए जांच से की गई।
ये भी पढ़ें: Rajasthan: एक साथ उठीं चार अर्थियां, पाली के ढाबर गांव में हुआ अंतिम संस्कार, मृतकों में तीन सगे भाई; गमगीन
डॉ. जेपी जोशी और डॉ. कौमी के पिता अनिल व्यास ने डीएनए जांच के लिए रक्त के नमूने दिए थे। नमूना मैच होने और सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद मंगलवार को मृतकों के शव परिजनों को सौंपे गए।
पांचों मृतकों की अंत्येष्टि अहमदाबाद के वीएस हॉस्पिटल के पीछे स्थित मोक्षधाम पर की गई। इस दौरान परिजनों और रिश्तेदारों के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारी और एयर इंडिया के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। बांसवाड़ा से भी कई रिश्तेदार अंतिम संस्कार में शामिल होने अहमदाबाद पहुंचे। बुधवार को अस्थि संग्रह के बाद परिजन बांसवाड़ा के लिए रवाना होंगे।