आंबेडकर जयंती पर प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद पूर्व मंत्री ममता भूपेश
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान में कांग्रेस सरकार में मंत्री रहीं ममता भूपेश ने डूंगरपुर में डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती समारोह के दौरान भाजपा सरकारों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकारें संविधान का दुरुपयोग कर रही हैं और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है।
विजयाराजे सिंधिया ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में ममता भूपेश ने कहा कि आज देश में संविधान की मूल भावना को नजरअंदाज किया जा रहा है। ईडी, आयकर विभाग और सीबीआई जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए समाज को धर्म के आधार पर बांटने का आरोप लगाया। उन्होंने अबकी बार 400 पार के नारे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सीमित सीटों तक रखकर जवाब दे दिया है। साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि 2029 में कांग्रेस सत्ता में वापसी करेगी।
पढ़ें- Rajasthan News: डूंगरपुर में साइबर ठगी के गिरोह का पर्दाफाश, छह आरोपी गिरफ्तार; कई मोबाइल और फर्जी सिम बरामद
सरकार के पास विजन नहीं
राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार पर भी उन्होंने निशाना साधा। उनका कहना था कि वर्तमान सरकार के पास स्पष्ट विजन नहीं है और वह पिछली अशोक गहलोत सरकार की योजनाओं का श्रेय लेने में लगी हुई है। ममता भूपेश ने चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना और कालीबाई भील स्कूटी योजना जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि आज आम लोग इन सुविधाओं से वंचित हो रहे हैं।
राज्य में बढ़ा अपराध
उन्होंने राज्य में कानून व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि अपराध बढ़ने से लोगों में डर का माहौल है। 2028 के विधानसभा चुनाव में जनता मौजूदा सरकार को जवाब देगी और कांग्रेस फिर से सत्ता में लौटेगी। समारोह के दौरान उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि भी अर्पित की।