कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने दो दिवसीय वागड़ दौरे के दूसरे दिन मंगलवार को त्रिपुरा सुंदरी मंदिर और बेणेश्वर धाम में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान बांसवाड़ा से बेणेश्वर धाम तक विभिन्न गांवों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
सर्किट हाउस में लगे समर्थन के नारे
मंगलवार सुबह बांसवाड़ा स्थित सर्किट हाउस में जिला कांग्रेस अध्यक्ष अर्जुन सिंह बामनिया, पूर्व मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीया, मनीष एन. त्रिवेदी, पूर्व जिलाध्यक्ष चांदमल जैन, दिलीप सराफ, राजेश टेलर, धर्मेंद्र तेली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पायलट से मुलाकात की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनके समर्थन में नारे भी लगाए।
त्रिपुरा सुंदरी और बेणेश्वर धाम में की पूजा-अर्चना
इसके बाद पायलट वागड़ की अधिष्ठात्री देवी त्रिपुरा सुंदरी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। बेणेश्वर धाम जाते समय रास्ते में कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान विधायक गणेश घोघरा, प्रेम कुमार पाटीदार, शंकर यादव, सुखदेव यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बेणेश्वर धाम पहुंचने पर पायलट ने दर्शन किए। पीठाधीश्वर अच्युतानंद महाराज ने उन्हें संत मावजी महाराज के चौपड़ों के धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व की जानकारी दी।
'जनता के मूड से घबराकर चुनाव टाल रही सरकार'
सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सचिन पायलट ने राज्य सरकार पर चुनाव टालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जो सरकार लंबे समय से 'वन नेशन, वन इलेक्शन' का समर्थन करती रही है, वही अब विभिन्न चुनाव समय पर कराने से बच रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विश्वविद्यालय एवं कॉलेज छात्रसंघ चुनाव, पंचायत चुनाव और शहरी निकायों के चुनाव लगातार लंबित हैं।
उनका आरोप था कि हाईकोर्ट की ओर से नोटिस और टिप्पणियों के बावजूद सरकार विभिन्न कारणों का हवाला देकर चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ाने से बच रही है। पायलट ने कहा कि सरकार को जनता के मूड का अंदाजा है, इसलिए वह चुनाव कराने से कतरा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के जनादेश का सामना करने से डर के कारण सरकार रक्षात्मक मुद्रा में आ गई है और पूरा प्रशासनिक तंत्र अधिकारियों के भरोसे चल रहा है।
यह भी पढ़ें:
रातोंरात कैसे जमींदोज हुआ गैंगस्टर रोहित गोदारा का मकान? प्रशासन के इंकार के बाद उठे कई सवाल
पायलट के दौरे में जेबकतरों का तांडव
इधर, सचिन पायलट के बांसवाड़ा दौरे के दौरान जेबकतरों ने कई लोगों को निशाना बनाया। नगर परिषद के पूर्व पार्षद गोकुल जैन की जेब से 25 हजार रुपये तथा एक ठेकेदार की जेब से 21 हजार रुपये चोरी हो गए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष की जेब कटने की भी चर्चा रही। कांग्रेस कार्यकर्ता कादर भाई ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में पायलट के जुलूस के दौरान एक कार और तीन संदिग्ध युवकों का उल्लेख किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
इसके बाद सलूम्बर दौरे पर भी कांग्रेस नेता सचिन पायलट का भव्य स्वागत हुआ। आरटीओ चौराहे पर जेसीबी से पुष्पवर्षा की गई। जनसभा में पायलट ने भाजपा की डबल इंजन सरकार पर निशाना साधते हुए बेरोजगारी, महंगाई और पेपर लीक जैसे मुद्दे उठाए तथा कांग्रेस की जीत का दावा किया।
यह भी पढ़ें:
'जनता के मूड से डर गई सरकार', सचिन पायलट का भजनलाल सरकार पर बड़ा हमला
डबल इंजन सरकार सिर्फ धुआं दे रही है
सलूम्बर में जनसभा को संबोधित करते हुए सचिन पायलट ने केंद्र और राजस्थान की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार विकास देने के बजाय सिर्फ धुआं दे रही है। भाजपा सरकार की नीतियां गरीब, आदिवासी और दलित वर्ग के हित में नहीं हैं तथा सरकारी संसाधनों का उपयोग आम जनता के बजाय चुनिंदा लोगों के हित में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े बुनियादी सवालों का जवाब देने के बजाय सरकार ध्यान भटकाने की राजनीति कर रही है। यूसीसी, नीट पेपर लीक, बेरोजगारी और बढ़ती महंगाई जैसे मुद्दों पर भी उन्होंने सरकार को घेरा।