मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को डूंगरपुर के बेणेश्वर धाम पर राजस्थानी जनजाति गौरव दिवस समारोह में शिरकत की। उन्होंने भारत आदिवासी पार्टी का नाम लिए बिना तंज कसा कि कुछ लोग युवाओं को भड़का कर गलत दिशा में ले जा रहे हैं। युवाओं को ऐसे लोगों से बचना होगा। राज्य सरकार आदिवासी क्षेत्र के विकास और उत्थान को संकल्पित है।
बेणेश्वर की एक दिवसीय यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, सलूंबर व सिरोही जिलों में 1902 करोड़ के 326 कार्यों, विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। उन्होंने आदिवासी नायकों का स्मरण और विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आदिवासियों के विकास एवं कल्याण में कोई कमी नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि बेणेश्वर धाम वर्षों से उपेक्षित रहा है। भाजपा सरकार आदिवासियों के प्रमुख आस्थास्थल बेणेश्वर धाम पर 130 करोड़ रुपये खर्च कर विकास कार्य करवाएगी। बेणेश्वर धाम पर घाट, सड़कों का निर्माण, सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
भारत आदिवासी पार्टी पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने भारत आदिवासी पार्टी का लिए बिना निशाना साधते हुए कहा कि कुछ नेता अपने बच्चों को जयपुर, सीकर और कोटा के बड़े स्कूलों में पढ़ा रहे हैं, किंतु गरीब आदिवासी युवाओं को शिक्षा से दूर रखकर भड़का रहे हैं। केंद्र सरकार ने बांसवाड़ा में 45 हजार करोड़ का परमाणु संयंत्र लगाकर विकास की नई राह खोली है, किंतु कुछ लोग भड़काने का काम कर रहे हैं।
कांग्रेस सरकार पर लगाए आरोप
जनजाति विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने राज्य की पिछली कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि 19 बार पेपर आउट कर युवाओं के साथ कांग्रेस सरकार ने खिलवाड़ किया। भाजपा ने सत्ता में आने के बाद पेपर लीक की घटनाओं पर अंकुश लगाया। सवा लाख युवाओं को नियुक्तियां दी हैं। वहीं विपक्ष जनता के बीच भ्रम फैला रहा है।
पढ़ें- Rajasthan News: बाड़मेर में सरकारी स्कूल में हादसा, छत का पंखा गिरने से पहली और दूसरी कक्षा के दो छात्र घायल
टैबलेट और चेक वितरण
इससे पहले मुख्यमंत्री ने लखपति दीदियों को टैबलेट का वितरण करने के साथ महिला स्वयं सहायता समूह को ऋण के चेक का भी वितरण किया। प्रदर्शनी में महिला स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों का अवलोकन किया। मेधावी बेटियों को स्कूटियों का वितरण किया। बेणेश्वर पहुंचने पर हरि मंदिर और वाल्मीकि मंदिर में दर्शन-पूजन किया।
समारोह में राजस्व मंत्री हेमंत मीणा, सहकारिता मंत्री गौतम दक, सांसद सीपी जोशी, चुन्नीलाल गरासिया, धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकारसिंह लखावत, कैलाश मीणा, राजेश कटारा, जिलाध्यक्ष अशोक पटेल और पूंजीलाल गरासिया, अनिता कटारा, हकरू मईडा, लाभचंद पटेल, गोविंदसिंह राव सहित बांसवाड़ा और डूंगरपुर के पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता सम्मिलित रहे।